CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उत्तरी जिलों में भारी बारिश के आसार, रायपुर में उमस बरकरार
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मजबूत मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 4 अगस्त से अगले चार दिनों तक रायपुर समेत अधिकांश जिलों में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। इसके बावजूद प्रदेश में इस सीजन की कुल वर्षा अब भी सामान्य से लगभग 7 प्रतिशत कम बनी हुई है।
रायपुर में बारिश के बावजूद उमस से राहत नहीं
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। हालांकि, मौसम में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।
यह भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 05 August 2026 : इस राशि के जातकों को बदलनी होगी अपने खर्च की आदत, पढ़ें आज का संपूर्ण राशिफल
रायपुर का संभावित तापमान
- अधिकतम तापमान: 33°C
- न्यूनतम तापमान: 27°C
तीन मौसम प्रणालियां बनीं बारिश की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में बारिश की गतिविधियों के पीछे तीन प्रमुख मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं।
- मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा होते हुए नागालैंड तक फैली हुई है।
- उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
- बंगाल की खाड़ी से आंध्र प्रदेश क्षेत्र के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इन सभी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन जिलों में हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में कई जिलों में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
- शंकरगढ़ – 11 सेमी
- कुसमी, रतनपुर, सक्ती, भोपालपट्टनम – 7-7 सेमी
- सुकमा, सकोला – 6-6 सेमी
- सरागांव, बीजापुर – 5-5 सेमी
- पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह – 4-4 सेमी
इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
