CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर जमकर बरसेंगे बादल, 28 जिलों में अलर्ट; कोरबा में 17 सेमी बारिश
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब (Depression) के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में कोरबा में 17 सेमी बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने 18 अगस्त को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं रायपुर समेत प्रदेश के 28 जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और हल्की फुहार पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में आज बारिश की संभावना बनी हुई है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। तापमान में गिरावट के कारण राजधानी में गर्मी से राहत बनी हुई है।
28 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट
धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है।
यलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तटों पर बना अवदाब धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। 17 अगस्त तक यह सिस्टम इसी क्षेत्र में केंद्रित था। इसके अगले 24 घंटे में पहले उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से यह सिस्टम पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के मैदानी इलाकों से होकर गुजर सकता है।
कोरबा में 17 सेमी बारिश
पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। कोरबा में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी और डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश हुई। ओडगी, रायपुर शहर, रायपुर, छाल और कापू में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी बारिश हुई। कुमरदा, बागबहार, जनकपुर-भरतपुर और उदयपुर में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा लवन, लैलूंगा, रघुनाथनगर, धमतरी, छुरिया, मैनपाट, डौंडी, माना-रायपुर-एपी, लटोरी, घरघोड़ा, करतला, केल्हारी, तमनार और मरीं बांग्ला देवरी में 3-3 सेमी बारिश हुई।
अगले 24 घंटे बारिश के लिहाज से अहम
बंगाल की खाड़ी के सक्रिय मौसम सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अभी जारी रहने की संभावना है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में मौसम विभाग के अलर्ट वाले जिलों में लोगों को तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
