PM SVANidhi Yojana: छत्तीसगढ़ को मिलेंगे चार राष्ट्रीय पुरस्कार, बिलासपुर समेत तीन नगरीय निकायों का चयन
PM SVANidhi Yojana: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (PM SVANidhi Yojana) के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ-साथ प्रदेश के तीन नगरीय निकायों का चयन किया है।

इस उपलब्धि के तहत छत्तीसगढ़ को कुल चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार समारोह का आयोजन 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा।
बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को मिलेगा सम्मान
केंद्रीय मंत्रालय द्वारा चयनित नगरीय निकायों में—
- नगर निगम बिलासपुर
- नगर पालिका बड़े बचेली
- नगर पालिका दंतेवाड़ा
शामिल हैं।
इन नगरीय निकायों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बेहतर कार्य किया है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने दी बधाई
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर राज्य और चयनित नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना प्रदेश के लिए गौरव और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान नगरीय निकायों द्वारा पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयासों का परिणाम है। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों और सड़क किनारे व्यापार करने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Raipur MG Road Chowpatty News: एमजी रोड चौपाटी पर पुलिस सख्त
दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल होगा शामिल
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र के माध्यम से पुरस्कार चयन की जानकारी दी है। समारोह में शामिल होने के लिए राज्य शासन और संबंधित नगरीय निकायों के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को आमंत्रित किया गया है।
20 नवंबर को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह में छत्तीसगढ़ राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार नगरीय निकायों द्वारा पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने और छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का उद्देश्य सड़क किनारे व्यापार करने वाले छोटे विक्रेताओं को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को मजबूत बनाना है। छत्तीसगढ़ में योजना के बेहतर क्रियान्वयन से हजारों पथ विक्रेताओं को इसका लाभ मिला है। राज्य को मिले यह राष्ट्रीय पुरस्कार नगरीय प्रशासन की योजनाओं के प्रभावी संचालन और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माने जा रहे हैं।
