Raipur MG Road Chowpatty News: एमजी रोड चौपाटी पर पुलिस सख्त, रात 9 से 1 बजे तक ही होगा संचालन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
Raipur MG Road Chowpatty News: राजधानी रायपुर के एमजी रोड चौपाटी में बढ़ती अव्यवस्था, यातायात बाधा, अवैध पार्किंग और गंदगी की शिकायतों को देखते हुए पुलिस और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। चौपाटी के सुव्यवस्थित संचालन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, नगर निगम, व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर चौपाटी का संचालन भी बंद कराया जा सकता है।

16 नवंबर को हुई संयुक्त बैठक
यातायात सभागार में आयोजित बैठक में *ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक *रामकुमार बर्मन एवं स्नेहिल साहू, एसीपी रमेश येरेवार, नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर पीडी घृतलहरे, ईई आशुतोष सिंह, व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र तलरेजा सहित संबंधित अधिकारी और चौपाटी संचालक मौजूद रहे।
रात 9 बजे से 1 बजे तक ही लगेगी चौपाटी
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने पूर्व में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर और महापौर द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्णयों के अनुसार—
- चौपाटी का संचालन रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही किया जाएगा।
- स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही चौपाटी लगाई जा सकेगी।
- किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
- दुकानदारों के साथ किसी प्रकार का विवाद स्वीकार नहीं किया जाएगा।
स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर
चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान और आसपास की सफाई की पूरी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके तहत—
- गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा।
- संचालन समाप्त होने के बाद पूरे क्षेत्र की सफाई करनी होगी।
- सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकना प्रतिबंधित रहेगा।
- सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं होगी।
अव्यवस्थित पार्किंग पर भी होगी सख्ती
बैठक में चौपाटी संचालकों को ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्पष्ट किया गया कि—
- मुख्य सड़क पर वाहन पार्क नहीं किए जाएंगे।
- यातायात बाधित करने वाली पार्किंग पर कार्रवाई होगी।
- पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित संचालकों की होगी।
मिल रही थीं लगातार शिकायतें
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुछ चौपाटी संचालकों के खिलाफ लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
इनमें प्रमुख रूप से—
- सड़क पर अवैध पार्किंग
- कुर्सी-टेबल लगाकर अतिक्रमण
- गंदगी फैलाना
- स्थायी व्यापारियों को परेशान करना
- यातायात बाधित करना
जैसी समस्याएं सामने आई हैं, जिससे व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
यह भी पढ़ें: VSK ऑनलाइन हाजिरी पर सरकार सख्त: छत्तीसगढ़ के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोका
नगर निगम करेगा नियमित निगरानी
नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और नियमों के पालन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं व्यापारी संघ से चौपाटी संचालकों और व्यापारियों के बीच समन्वय बनाए रखने की अपेक्षा की गई है।
नियम तोड़े तो बंद हो सकती है चौपाटी
बैठक में चौपाटी संचालकों ने सभी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया।
हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में—
- अतिक्रमण,
- अव्यवस्थित पार्किंग,
- गंदगी फैलाने,
- या अन्य नियमों के उल्लंघन
की शिकायत मिली, तो संबंधित संचालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
पुलिस कमिश्नरेट का स्पष्ट संदेश
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने कहा है कि एमजी रोड चौपाटियों का संचालन नागरिकों की सुविधा, स्थायी व्यापारियों के हित, स्वच्छता और सुगम यातायात को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कराया जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम संयुक्त रूप से लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
