Amitabh-Abhishek Bachchan: अमिताभ-अभिषेक बच्चन को लेकर बड़ा दावा, सोशल मीडिया पर वायरल धमकी भरे पोस्ट ने बढ़ाई चिंता
Amitabh-Abhishek Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को कथित तौर पर सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से वायरल एक पोस्ट में दोनों को निशाना बनाने का दावा किया गया है। पोस्ट सामने आने के बाद बच्चन परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

गोल्डी ढिल्लों के नाम से वायरल हुआ पोस्ट
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कार्रवाई का जिक्र करते हुए मुंबई से दो लोगों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि इन लोगों को किसी दूसरे गैंग से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।पोस्ट में 1984 के सिख दंगों का उल्लेख करते हुए कुछ लोगों को निशाना बनाने की बात कही गई है। इसी के अंत में अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन का नाम लेकर कथित धमकी दी गई है।
बुलेटप्रूफ केबिन का भी किया गया जिक्र
वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि चाहे कितनी भी सुरक्षा व्यवस्था या बुलेटप्रूफ केबिन बना लिए जाएं, दोनों को निशाना बनाया जाएगा। पोस्ट में अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित ‘जलसा’ बंगले के बाहर लगाए गए बुलेटप्रूफ ग्लास केबिन का भी उल्लेख किया गया है।
संडे दर्शन में साथ नजर आते हैं पिता-पुत्र
अमिताभ बच्चन हर रविवार अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात करते हैं। हाल के महीनों में अभिषेक बच्चन भी कई बार उनके साथ नजर आए हैं। ऐसे में वायरल पोस्ट में दोनों का नाम आने से मामला और गंभीर माना जा रहा है।
जलसा के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
हाल के दिनों में अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ के बाहर सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक कड़ी की गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग और फोटो-वीडियो बनाने पर भी सख्ती की गई है।
हालांकि, वायरल पोस्ट में किए गए दावों और धमकी की आधिकारिक पुष्टि या जांच एजेंसियों की ओर से अंतिम पुष्टि का इंतजार है।
