Women’s T20 World Cup 2026: दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेकर रचा इतिहास, WT20I की सबसे सफल गेंदबाज बनीं
IND-W vs PAK-W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत करते हुए पाकिस्तान को 64 रन से हराया। एजबेस्टन में खेले गए इस मुकाबले में भारत की जीत की सबसे बड़ी हीरो रहीं स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके।

उनके इस प्रदर्शन ने न सिर्फ भारत को बड़ी जीत दिलाई, बल्कि महिला क्रिकेट इतिहास में कई बड़े रिकॉर्ड भी उनके नाम कर दिए। शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
महिला टी20 विश्व कप में भारत की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
दीप्ति शर्मा का 5/10 का आंकड़ा अब महिला टी20 विश्व कप में किसी भारतीय गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बन गया है। उन्होंने रेणुका सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 5/15 विकेट लिए थे।
महिला टी20 विश्व कप में भारत की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी
- दीप्ति शर्मा – 5/10 बनाम पाकिस्तान (2026)
- रेणुका सिंह – 5/15 बनाम इंग्लैंड (2023)
- प्रियंका रॉय – 5/16 बनाम पाकिस्तान (2009)
- डायना डेविड – 4/12 बनाम श्रीलंका (2010)
- पूनम यादव – 4/19 बनाम ऑस्ट्रेलिया (2020)
350 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाली दूसरी महिला गेंदबाज
पाकिस्तान की ओपनर गुल फिरोजा का विकेट लेते ही दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली दुनिया की दूसरी महिला गेंदबाज बन गई हैं। उनसे पहले केवल झूलन गोस्वामी ही यह मुकाम हासिल कर पाई थीं। वर्तमान में दीप्ति के नाम 354 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं और वह झूलन गोस्वामी के 355 विकेट के रिकॉर्ड से सिर्फ दो विकेट पीछे हैं।
यह भी पढ़ें: BBL in India: भारत में पहली बार खेला जाएगा BBL का मुकाबला, चेन्नई में हो सकता है
WT20I इतिहास की सबसे सफल गेंदबाज बनीं
पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट हासिल करते ही दीप्ति शर्मा महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ते हुए यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट
- 166 – दीप्ति शर्मा (भारत)
- 165 – थिपाचा पुथावोंग (थाईलैंड)
- 160 – हेनरीट इशिमवे (रवांडा)
- 152 – मेगन शूट (ऑस्ट्रेलिया)
- 148 – हे कामचोम्फु (थाईलैंड)
भारत-पाकिस्तान मुकाबलों में भी बनाया रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा अब भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए महिला टी20 मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ उनके नाम अब 11 विकेट दर्ज हो चुके हैं।
विश्व कप में भारत की बड़ी जीत
भारत की यह 64 रन की जीत महिला टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत बन गई है। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में अपना खाता खोल लिया है और नेट रनरेट 3.200 के साथ मजबूत स्थिति में पहुंच गई है।
भारत का अगला कार्यक्रम
- 17 जून: भारत vs नीदरलैंड्स (लीड्स)
- 21 जून: भारत vs दक्षिण अफ्रीका (मैनचेस्टर)
- 25 जून: भारत vs बांग्लादेश (मैनचेस्टर)
- 28 जून: भारत vs ऑस्ट्रेलिया (लंदन)
दीप्ति शर्मा के ऐतिहासिक प्रदर्शन ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई है और अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें उनके अगले मुकाबलों पर टिकी हैं।
