CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। रायपुर में सुबह से काले बादल छाए रहे और बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
रायपुर में बारिश से बदला मौसम
राजधानी रायपुर में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कुछ सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मौसमी वर्षा की स्थिति सामान्य के करीब रही है और इसमें करीब -9 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मौसम सिस्टम
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के तटों के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब अधिक सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (Depression) में बदल सकता है। इस मौसम तंत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां ज्यादा प्रभावी रह सकती हैं।
रायपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
रविवार को इन इलाकों में हुई जोरदार बारिश
प्रदेश में रविवार को कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। भैसमा और लवन में 9-9 सेमी बारिश हुई, जबकि ओडगी में 8 सेमी और कोटाडोल में 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेमी, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेमी बारिश हुई। तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेंड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में करीब 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 3 दिन बारिश से राहत के आसार कम
मौसम सिस्टम के लगातार सक्रिय रहने के कारण छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की स्थिति बन सकती है, जबकि रायपुर समेत मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
