CG Teacher Recruitment 2026: हाईकोर्ट के आदेश के बाद सहायक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, अब दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी मिलेगा आवेदन का मौका
CG Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत जारी भर्ती विज्ञापन में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने शुद्धिपत्र जारी करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों की पात्रता में बदलाव किया है। अब दृष्टिबाधित (Blind), श्रवणबाधित (Deaf) और सेरेब्रल पाल्सी (Cerebral Palsy) श्रेणी के अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद हुआ संशोधन
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती-2026 का विस्तृत विज्ञापन 24 जुलाई 2026 को जारी किया गया था। इस भर्ती से जुड़े मामले में WPS No. 6783/2026 (मीनाक्षी मंगलकर एवं अन्य बनाम छत्तीसगढ़ शासन एवं अन्य) में हाईकोर्ट द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को दिए गए फैसले के बाद भर्ती नियमों में संशोधन किया गया है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिला आवेदन का अधिकार
संशोधित प्रावधानों के तहत समाज कल्याण विभाग की 11 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुरूप सहायक शिक्षक पद के लिए उपयुक्त दिव्यांगता श्रेणियों में Blind (B), Deaf (D) और Cerebral Palsy (CP) को शामिल किया गया है। इसके साथ ही भर्ती विज्ञापन की कंडिका-05 के उपखंड (iv) को समाप्त कर दिया गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित पदों का वर्गवार एवं समूहवार विवरण भी सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संशोधित किया गया है।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh News: ईमानदारी की मिसाल रेलवे स्टेशन पर छूटा नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग
2292 पदों पर होगी भर्ती
सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के तहत कुल 2,292 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें—
- ई-संवर्ग (E Cadre): 795 पद
- टी-संवर्ग (T Cadre): 1,497 पद
ई-संवर्ग के पद रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, रायगढ़ और बिलासपुर सहित कई जिलों में हैं। वहीं टी-संवर्ग के पद बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, जशपुर, कोरबा, रायगढ़, गरियाबंद और बालोद जिलों में भरे जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन की नई तारीख होगी जारी
लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि Blind (B), Deaf (D) और Cerebral Palsy (CP) श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam) द्वारा अलग से घोषित की जाएगी। विभाग ने यह भी साफ किया है कि भर्ती विज्ञापन की अन्य सभी शर्तें और नियम पूर्ववत लागू रहेंगे।
