Mungeli Trade Fair 2026: उप मुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे शुभारंभ, 200 से ज्यादा स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
Mungeli Trade Fair 2026: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आज से रंगारंग मुंगेली व्यापार मेला का आगाज होने जा रहा है। स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित इस 7 दिवसीय मेले का शुभारंभ 27 नवंबर को शाम 5 बजे वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में किया जाएगा।

यह व्यापार मेला 3 दिसंबर तक चलेगा और हर साल की तरह इस बार भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। स्थानीय लोग इसे मुंगेली का त्योहार भी कहने लगे हैं।
‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ थीम पर सजा मेला
आयोजन समिति के अनुसार, इस बार मेले को नया रूप दिया गया है। मंच की थीम ‘समृद्धि छत्तीसगढ़’ रखी गई है। लोगों की सुविधा को देखते हुए मेला स्थल का विस्तार भी किया गया है।स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोसायटी के संयोजक रामपाल सिंह ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इस बार लोगों को नया अनुभव मिलेगा।
200 से ज्यादा स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र
मुंगेली व्यापार मेले में इस वर्ष 200 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। मेले में कई तरह के उत्पाद और सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
प्रमुख आकर्षण:
- फिश टनल
- ऑटोमोबाइल स्टॉल
- फूड जोन
- इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद
- बैंकिंग और रियल एस्टेट
- हैंडीक्राफ्ट
- बस्तर आर्ट
- महिला गृह उद्योग के उत्पाद
- कृषि उपकरण
- हर्बल प्रोडक्ट
- कपड़े और खादी उत्पाद
- बच्चों के लिए खिलौने और झूले
प्रतिदिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में मनोरंजन के लिए हर रात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रमों की झलक:
- 27 नवंबर: छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर की प्रस्तुति, गरिमा और स्वर्णा दिवाकर
- 28 नवंबर: सोनहा माटी लोक कला मंच की प्रस्तुति
- 29 नवंबर: छात्र-छात्राओं द्वारा समूह नृत्य
- 30 नवंबर: अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
- 1 दिसंबर: चिन्हारी लोक मंजिरा की प्रस्तुति
- 2 दिसंबर: प्रसिद्ध गायक गोरेलाल बर्मन की प्रस्तुति
- 3 दिसंबर: सैफ एंड सोहेल लाइव रॉक बैंड एंड ब्लिस ट्रूप कोलकाता के साथ समापन
प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
आयोजन समिति ने जिले की प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है। इनमें रंगोली, चित्रकला, मेहंदी, समूह नृत्य, छत्तीसगढ़ी गीत गायन, ओपन माइक, ब्राइडल मेकअप, मिस एवं मिस्टर मुंगेली जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
लघु उद्योग और व्यापार को बढ़ावा देने का उद्देश्य
मुंगेली व्यापार मेले का मुख्य उद्देश्य लघु, कुटीर और मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को आम जनता तक पहुंचाने और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
