CG Suspend News: रिश्वत मांगने के आरोप में बड़ी कार्रवाई, कटघोरा तहसील की सहायक ग्रेड-02 निलंबित
CG Suspend News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रिश्वत मांगने के आरोप में कटघोरा तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर की गई है।

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय कटघोरा में नकल (दस्तावेज की प्रतिलिपि) जारी करने के बदले अवैध राशि की मांग किए जाने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं दंडाधिकारी कटघोरा के समक्ष दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता किशन कुमार ने आरोप लगाया था कि शासकीय कार्य के लिए उससे रिश्वत मांगी गई। शिकायत के समर्थन में एक वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आए तथ्य
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटघोरा द्वारा मामले की जांच और परीक्षण के बाद आरोपों को गंभीर मानते हुए सहायक ग्रेड-02 मंजू कृष्णा धिरही के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया।
यह भी पढ़ें: Gold Silver Price Today: सोना-चांदी में फिर बड़ी गिरावट, गोल्ड ₹1,44,000 के नीचे
निलंबन अवधि में यहां रहेगा मुख्यालय
जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान मंजू कृष्णा धिरही का मुख्यालय तहसील कार्यालय पोंड़ी-उपरोड़ा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
भ्रष्टाचार पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन का कहना है कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि रिश्वतखोरी और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
