How to Use Leftover Dal: रात की बची दाल फेंक देते हैं? सुबह नाश्ते में बनाएं खस्ता कचौड़ी
How to Use Leftover Dal: हर घर में रात के खाने के बाद थोड़ी-बहुत दाल बच जाना आम बात है। अक्सर लोग सुबह इस दाल को खाना पसंद नहीं करते और इसे फेंक देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी बची हुई दाल से आप बाजार जैसी खस्ता और स्वादिष्ट कचौड़ी तैयार कर सकते हैं?

बची हुई दाल में पहले से मौजूद मसाले और फ्लेवर कचौड़ी को एक अलग ही स्वाद देते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए अलग से स्टफिंग तैयार करने की जरूरत नहीं पड़ती। यह रेसिपी न केवल स्वादिष्ट है बल्कि फूड वेस्टेज रोकने का भी शानदार तरीका है।
आवश्यक सामग्री
- रात की बची हुई दाल – 1 कप
- गेहूं का आटा – 2 कप
- सूजी – 2 बड़े चम्मच
- तेल या घी – 3 बड़े चम्मच
- अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
- हरी मिर्च – 1-2 बारीक कटी
- हरा धनिया – 2-3 बड़े चम्मच
- हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
- कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
- सौंफ पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- हींग – 1 चुटकी
- नमक – स्वादानुसार
- तलने के लिए तेल
कचौड़ी बनाने की विधि
सबसे पहले बची हुई दाल को गाढ़ा कर लें। यदि दाल ज्यादा पतली हो तो उसे 2-3 मिनट तक पका लें और ठंडा होने दें। एक बड़े बर्तन में आटा, सूजी, अजवाइन, हींग, सौंफ पाउडर, कसूरी मेथी, हल्दी, लाल मिर्च, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाएं। अब इसमें गुनगुना तेल या घी डालकर अच्छी तरह मोयन लगाएं। इसके बाद बची हुई दाल डालकर आटा गूंथ लें। जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा पानी डालें।आटे को 10-15 मिनट ढककर रखें। फिर छोटी-छोटी लोइयां बनाकर थोड़ा मोटा बेल लें।कढ़ाई में तेल गर्म करें और धीमी से मध्यम आंच पर कचौड़ियों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें।
यह भी पढ़ें: Copper Vessel Benefits: तांबे के बर्तन में पानी पीते समय न करें ये गलतियां, वरना फायदे की जगह हो सकता है नुकसान
शेफ टिप्स
- सूजी डालने से कचौड़ी ज्यादा कुरकुरी बनती है।
- सौंफ पाउडर हलवाई जैसा स्वाद देता है।
- तेल बहुत ज्यादा गर्म न हो, वरना कचौड़ी अंदर से कच्ची रह सकती है।
- कचौड़ी को तलते समय हल्के हाथ से दबाएं, इससे वह अच्छी तरह फूलती है।
परोसने का तरीका
गरमा-गरम खस्ता कचौड़ी को हरी चटनी, आलू की सब्जी या अदरक वाली चाय के साथ परोसें। यह नाश्ते के लिए बेहतरीन विकल्प है और घर के सभी लोगों को पसंद आएगी।
