CG BREAKING: रायपुर के रावाभाठा में घर से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री बरामद, इलाके में मचा हड़कंप
CG BREAKING: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर से संदिग्ध बम बनाने की सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 13 स्थित एक मकान से तार, संदिग्ध केमिकल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वॉड
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है और आसपास के लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। फिलहाल किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
नार्थ जोन इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
बताया जा रहा है कि यह इलाका रायपुर कमिश्नरेट के नार्थ जोन के अंतर्गत आता है। घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही हैं। साथ ही मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल किस मकसद से किया जाना था। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
