IRCTC New Website: तेज होगी टिकट बुकिंग, नहीं भरनी होगी बार-बार डिटेल, रेलवे ला रहा 4 बड़े बदलाव
IRCTC New Website Update: भारतीय रेलवे यात्रियों को टिकट बुकिंग का पहले से बेहतर अनुभव देने के लिए IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नई वेबसाइट में कई बड़े बदलाव किए गए हैं, जिससे टिकट बुकिंग तेज, आसान और अधिक यूजर-फ्रेंडली होगी। इसके साथ ही रेलवे अपने करीब 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को भी अपग्रेड कर रहा है।

रेल मंत्रालय का दावा है कि इन बदलावों के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड बढ़ेगी और तत्काल टिकट बुकिंग में होने वाली फर्जी ऑटोमैटिक बुकिंग पर भी काफी हद तक रोक लगाई जा सकेगी।
नई IRCTC वेबसाइट में होंगे ये 4 बड़े बदलाव
1. टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज
नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग की प्रक्रिया को काफी छोटा और आसान बनाया गया है। अब यात्रियों को कम स्टेप्स में टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी, जिससे समय की बचत होगी।
2. बार-बार नहीं भरनी होगी पैसेंजर डिटेल
अब हर बार टिकट बुक करते समय यात्रियों को अपनी पूरी जानकारी दोबारा दर्ज नहीं करनी पड़ेगी। वेबसाइट पैसेंजर की डिटेल सेव रखेगी, जिससे टिकट बुकिंग और भी आसान हो जाएगी।
3. सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखेंगी
अब यात्रियों को स्लीपर, 3AC, 2AC या अन्य क्लास की उपलब्ध सीटें देखने के लिए अलग-अलग क्लिक नहीं करना होगा। नई वेबसाइट पर सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी।
4. आसान होगा लॉगिन और कैप्चा
नई वेबसाइट में कैप्चा को छोटा और आसान बनाया गया है। साथ ही परेशान करने वाले ग्राफिक्स और अनावश्यक विज्ञापनों को भी हटाया गया है, जिससे वेबसाइट का अनुभव पहले से बेहतर होगा।
यह भी पढ़ें: Rajpal Yadav Case: चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ा झटका
40 साल पुराना रिजर्वेशन सिस्टम होगा अपग्रेड
रेलवे केवल वेबसाइट ही नहीं, बल्कि अपने Passenger Reservation System (PRS) को भी आधुनिक तकनीक से अपग्रेड कर रहा है। यह सिस्टम करीब चार दशक पुराना है। नए रिजर्वेशन इंजन के लागू होने के बाद टिकट बुकिंग की स्पीड में सुधार होगा और वेबसाइट पर बढ़ते ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
तत्काल टिकट बुकिंग में फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
रेल मंत्रालय के अनुसार नई तकनीक का सबसे बड़ा फायदा तत्काल टिकट बुकिंग में मिलेगा। फर्जी ऑटोमैटिक सॉफ्टवेयर और बॉट्स के जरिए टिकट बुक करने वालों पर सख्ती होगी, जिससे आम यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
छात्रों और विशेषज्ञों ने दिया फीडबैक
नई वेबसाइट के बीटा वर्जन का परीक्षण रेलवे अधिकारियों और MNIT जयपुर के छात्रों द्वारा किया गया। पहले वेबसाइट की कई तकनीकी कमियों की पहचान की गई थी, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने यूजर इंटरफेस और परफॉर्मेंस में व्यापक सुधार करने का फैसला लिया।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
नई IRCTC वेबसाइट के लाइव होने के बाद यात्रियों को तेज टिकट बुकिंग, आसान नेविगेशन, कम समय में रिजर्वेशन और बेहतर यूजर इंटरफेस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। आने वाले महीनों में यह नई प्रणाली पूरे देश में लागू की जा सकती है।
