Vaibhav Suryavanshi Controversy: वैभव सूर्यवंशी विवाद के बाद BCCI का बड़ा फैसला, तेज गेंदबाज अशोक शर्मा इंडिया ए टीम में शामिल
Vaibhav Suryavanshi Controversy: श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडिया ए टीम में बड़ा बदलाव किया है। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को चोटिल युधवीर सिंह की जगह टीम में शामिल किया गया है। गुजरात टाइटंस के लिए आईपीएल खेल चुके अशोक शर्मा अपनी 150 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले के बाद खिलाड़ियों के बीच हल्की झड़प देखने को मिली थी। मैच के दौरान सुपर ओवर में हार के बाद भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस भी चर्चा का विषय बनी रही।
चोट के कारण बाहर हुए युधवीर सिंह
बीसीसीआई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, युधवीर सिंह ने 13 जून को गेंदबाजी के दौरान अपने दाहिने कंधे में असहजता महसूस की थी। इससे पहले 11 जून को फील्डिंग करते समय भी उन्हें इसी तरह की परेशानी हुई थी। मेडिकल जांच में दाहिने कंधे के रोटेटर कफ में चोट की पुष्टि होने के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। बीसीसीआई मेडिकल टीम ने विशेषज्ञों की सलाह पर युधवीर को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम के लिए भेजने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh Electricity Bill Hike: छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बढ़ोतरी पर सियासत तेज..
अशोक शर्मा पर जताया भरोसा
युधवीर की गैरमौजूदगी में चयनकर्ताओं ने युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को मौका दिया है। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेल चुके अशोक अपनी तेज रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी के कारण चर्चा में रहते हैं। माना जा रहा है कि आगामी मुकाबलों में वह भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।
अफगानिस्तान ए के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला
इंडिया ए टीम को 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है। ट्राई सीरीज में बने रहने के लिए यह मैच भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में अशोक शर्मा की एंट्री टीम के लिए राहत की खबर हो सकती है।
वैभव सूर्यवंशी विवाद ने खींचा ध्यान
सोमवार को श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सुपर ओवर में हार के बाद मैदान पर तनावपूर्ण माहौल बन गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों द्वारा उकसावे के बाद युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी उनसे उलझ गए थे। हालांकि मामला ज्यादा नहीं बढ़ा और अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया। अब सभी की नजरें अफगानिस्तान ए के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां इंडिया ए टीम जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।
