Nursing Protest: नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने स्थगित किया आंदोलन, स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा के बाद एक महीने का अल्टीमेटम
Nursing Protest: नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है। आंदोलन के दूसरे दिन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ हुई चर्चा के बाद संघ ने सरकार को अपनी लंबित मांगों पर निर्णय लेने के लिए एक महीने का समय दिया है। संघ का कहना है कि यदि तय समयसीमा में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे की रणनीति बनाकर फिर से आंदोलन शुरू किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बैठक में भर्ती प्रक्रिया, वेतन वृद्धि और विभिन्न भत्तों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसके बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद लिया गया फैसला
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर अपनी प्रमुख मांगों को रखा। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा होने के बाद सरकार की ओर से मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। संघ ने बताया कि इन्हीं आश्वासनों के आधार पर फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है और सरकार को एक महीने का समय दिया गया है।
1,000 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
संघ के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1,000 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस भर्ती की घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। सरकार की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि पूर्व से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को उनके अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने अथवा अतिरिक्त बोनस अंक देने पर विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बदला रहेगा मौसम
दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतन बढ़ाने का आश्वासन
बैठक में नियमित भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के 10 हजार रुपये के मानदेय में वृद्धि के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का भी आश्वासन दिया गया। संघ ने बताया कि इस आश्वासन के बाद संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों ने अपनी ड्यूटी फिर से ज्वाइन कर ली है।
ग्रेड पे और भत्तों पर एक महीने का अल्टीमेटम
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2018 में गठित समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन स्तर पर भेजा जा चुका है। इसके अलावा ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस से संबंधित मांगों पर आदेश जारी करने के लिए सरकार को एक महीने का समय दिया गया है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर होगा आंदोलन
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि एक महीने के भीतर सरकार की ओर से मांगों पर ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। फिलहाल स्वास्थ्य मंत्री से मिले आश्वासन के बाद नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया है।
