Balod News: बालोद में बेमौसम बारिश ने बढ़ाई धान खरीदी की चिंता, 160 केंद्रों में खुले में रखा लाखों क्विंटल धान खतरे में
Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में बेमौसम बारिश ने धान खरीदी व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं मौसम विभाग की ओर से अगले दो दिनों के लिए अलर्ट जारी किए जाने के बाद किसानों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

बारिश का खतरा खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल के साथ-साथ खरीदी केंद्रों में खुले में रखी धान की बोरियों पर भी मंडरा रहा है। ऐसे में धान को सुरक्षित रखने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
160 धान खरीदी केंद्रों में जमा है 2 लाख क्विंटल से ज्यादा धान
जानकारी के अनुसार, जिले के 160 धान खरीदी केंद्रों में अब तक करीब 2 लाख 9 हजार 525 क्विंटल धान जमा हो चुका है। इनमें से कई केंद्रों पर धान की बोरियां खुले आसमान के नीचे रखी हुई हैं। कुछ खरीदी केंद्रों में धान को ढकने के लिए कैप कवर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आ रही है, जबकि कुछ जगहों पर फटे हुए कवर के सहारे धान को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। बारिश की स्थिति में खुले में रखा धान खराब होने का खतरा बना हुआ है।
खेतों में पककर तैयार धान, कटाई पर भी असर की आशंका
कृषि विभाग के मुताबिक, जिले में करीब 70 प्रतिशत धान की कटाई पूरी हो चुकी है, जबकि कई क्षेत्रों में अभी भी कटाई का काम जारी है। कई खेतों में धान पूरी तरह पककर तैयार है। अचानक बदले मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान अब जल्द से जल्द फसल कटाई और उसे सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: Dollar Rate Today: डॉलर के मुकाबले 93 के नीचे पहुंचा रुपया
बारिश से धान की गुणवत्ता खराब होने का खतरा
यदि मौसम खराब रहता है और बारिश लगातार जारी रहती है, तो धान खरीदी केंद्रों पर खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। वहीं खुले में रखे धान के भीगने से उसकी गुणवत्ता खराब होने की आशंका है। धान में नमी बढ़ने से किसानों और खरीदी समितियों दोनों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। करोड़ों रुपये के धान की सुरक्षा अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
प्रशासन के इंतजामों पर उठे सवाल
बेमौसम बारिश के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने कितने पुख्ता इंतजाम किए हैं। किसानों की मांग है कि बारिश की संभावना को देखते हुए धान को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि मेहनत से तैयार की गई फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
