CG News: स्वामी आत्मानंद स्कूल बेमेतरा में विवाद संविदा शिक्षकों ने प्राचार्य और शिक्षक पर लगाए गंभीर आरोप, कलेक्टर ने DEO को सौंपी जांच
Swami Atmanand School Bemetara: जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में संविदा शिक्षकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। शिक्षकों ने प्राचार्य और एक शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना, धमकी और कथित रूप से पैसे मांगने जैसे आरोप लगाए हैं। शिकायत सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संविदा शिक्षकों का आरोप है कि उन्हें लगातार मानसिक दबाव में रखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गोपनीय चरित्रावली (CR) खराब करने की धमकी देकर उनसे 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिक्षकों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
CR खराब करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
शिकायत के अनुसार, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य गेंदलाल चतुर्वेदी और शिक्षक भारत लाल कश्यप के खिलाफ संविदा शिक्षकों ने शिकायत की है। शिक्षकों का आरोप है कि शिक्षक भारत लाल कश्यप द्वारा प्राचार्य के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर गोपनीय चरित्रावली (CR) खराब करने और भविष्य में नौकरी से हटवाने की धमकी दी गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
महिला कर्मचारियों के साथ भी प्रताड़ना का आरोप
शिकायत में महिला कर्मचारियों से कथित मानसिक प्रताड़ना और मातृत्व अवकाश के बदले पैसे मांगने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। संविदा शिक्षकों का कहना है कि लगातार दबाव और धमकियों के कारण विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ है। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों का असर स्कूल के शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: Balod News: बालोद में बेमौसम बारिश ने बढ़ाई धान खरीदी की चिंता
शिक्षकों ने प्रशासन से मांगी निष्पक्ष जांच
संविदा शिक्षकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित अवैध वसूली और प्रताड़ना के आरोपों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा शिक्षकों की नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी है।
कलेक्टर ने DEO को दिए जांच के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। कलेक्टर ने DEO को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
