BMW R 12 G/S लॉन्च: ₹25.40 लाख कीमत के साथ शुरू हुई डिलीवरी, 1,170cc इंजन और ऑफ-रोडिंग के लिए खास फीचर्स
BMW R 12 G/S: ऑफ-रोड राइडिंग और एडवेंचर बाइक के शौकीनों के लिए BMW Motorrad ने भारतीय बाजार में अपनी नई रेट्रो-एडवेंचर मोटरसाइकिल BMW R 12 G/S लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25.40 लाख रुपये रखी है। लॉन्च के साथ ही बाइक की डिलीवरी भी शुरू हो गई है। भारत में इसे पूरी तरह विदेश में तैयार करके CBU (Completely Built Unit) के रूप में बेचा जा रहा है। यहां इसका टॉप-स्पेक Pro वेरिएंट उपलब्ध कराया गया है।

इस बाइक में 1980 के दशक की क्लासिक BMW R 80 G/S की डिजाइन झलक के साथ आधुनिक तकनीक और ऑफ-रोडिंग से जुड़े कई फीचर्स दिए गए हैं।
BMW R 12 G/S का डिजाइन 1980 की आइकॉनिक बाइक से प्रेरित
BMW R 12 G/S का डिजाइन कंपनी की मशहूर एंड्यूरो बाइक BMW R 80 G/S से प्रेरित है। इसमें रेट्रो लुक के साथ आधुनिक स्टाइलिंग का मेल देखने को मिलता है। बाइक के फ्रंट में X-आकार के लाइटिंग सिग्नेचर वाला गोल LED हेडलैंप दिया गया है। इसके साथ क्लासिक राउंड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। लंबी दूरी की राइड और सामान ले जाने की सुविधा के लिए रियर फ्रेम पर स्टील के लैशिंग पॉइंट्स दिए गए हैं। इसके अलावा मोबाइल या अन्य डिवाइस चार्ज करने के लिए 12V पावर सॉकेट भी मिलता है।
1,170cc बॉक्सर इंजन देता है 109 hp की पावर
BMW R 12 G/S में 1,170cc का एयर और ऑयल-कूल्ड बॉक्सर इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,000 rpm पर 109 hp की अधिकतम पावर और 6,500 rpm पर 115 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ ऊपर की ओर उठा हुआ रियर साइलेंसर दिया गया है, जो बाइक के एडवेंचर लुक को और बेहतर बनाता है। कंपनी ने इसे ट्यूबलर स्टील स्पेसफ्रेम पर तैयार किया है, जिसमें बोल्ट-ऑन रियर फ्रेम मिलता है।
यह भी पढ़ें: Instagram New Feature: अब स्टोरी पोस्ट करने के बाद भी कर सकेंगे एडिट
ऑफ-रोडिंग के लिए खास व्हील और सस्पेंशन
ऊबड़-खाबड़ रास्तों और मुश्किल ट्रैक पर बेहतर संतुलन के लिए बाइक में आगे 21-इंच का पहिया दिया गया है। एंड्यूरो पैकेज के साथ पीछे 18-इंच का पहिया मिलता है। दोनों पहिये क्रॉस-स्पोक डिजाइन के हैं। सस्पेंशन की बात करें तो फ्रंट में 210 mm ट्रैवल के साथ पूरी तरह एडजस्टेबल 45 mm अपसाइड-डाउन टेलीस्कोपिक फोर्क्स दिए गए हैं। वहीं, पीछे 200 mm ट्रैवल वाला पैरालीवर स्विंगआर्म सस्पेंशन मिलता है। यह सेटअप खराब और पथरीले रास्तों पर राइड को बेहतर बनाने में मदद करता है।
Enduro पैकेज में मिलेंगी 8 ऑफ-रोड एक्सेसरीज
BMW R 12 G/S के साथ स्टैंडर्ड तौर पर Enduro पैकेज दिया जा रहा है। इसमें ऑफ-रोड राइडिंग को ध्यान में रखते हुए आठ एक्सेसरीज शामिल हैं। इनमें ग्रिप वाले ऑफ-रोड टायर, चौड़े एंड्यूरो फुटरेस्ट, मजबूत इंजन गार्ड और 20 mm हैंडलबार राइजर जैसे फीचर्स प्रमुख हैं। हैंडलबार राइजर खासतौर पर उन राइडर्स के लिए उपयोगी है, जो ऑफ-रोडिंग के दौरान खड़े होकर बाइक चलाना पसंद करते हैं।
राइडिंग मोड और सेफ्टी फीचर्स भी खास
BMW R 12 G/S में राइडिंग कंडीशन के हिसाब से Rain, Road और Enduro मोड दिए गए हैं। Enduro पैकेज के साथ अतिरिक्त Enduro Pro मोड भी मिलता है। सुरक्षा के लिए इसमें डायनामिक ट्रैक्शन कंट्रोल (DTC) और इंजन ड्रैग टॉर्क कंट्रोल दिया गया है। अनुभवी राइडर्स जरूरत के अनुसार ऑफ-रोडिंग के दौरान DTC को बंद भी कर सकते हैं। ब्रेकिंग के लिए आगे दो 310 mm डिस्क और पीछे 265 mm की सिंगल डिस्क दी गई है। इसके साथ ABS Pro सिस्टम मिलता है, जो मोड़ पर ब्रेकिंग के दौरान बेहतर नियंत्रण देने में मदद करता है।
बाइक के अन्य फीचर्स में शामिल हैं:
- Shift Assistant Pro, जिससे बिना क्लच दबाए गियर बदले जा सकते हैं
- Adaptive Headlight
- Hill Start Control
- Cruise Control
- Heated Grips
- Enduro Pro Riding Mode
BMW R 12 G/S की कीमत और उपलब्धता
BMW Motorrad ने भारत में R 12 G/S की एक्स-शोरूम कीमत 25.40 लाख रुपये रखी है। इसे CBU रूट से भारत लाया जा रहा है और फिलहाल यहां इसका Pro वेरिएंट उपलब्ध है। कंपनी ने लॉन्च के साथ ही इसकी डिलीवरी शुरू कर दी है। रेट्रो डिजाइन, दमदार बॉक्सर इंजन और ऑफ-रोडिंग के लिए खास फीचर्स के साथ BMW R 12 G/S प्रीमियम एडवेंचर मोटरसाइकिल सेगमेंट में एक नया विकल्प बनकर आई है।
