Chhattisgarh Anganwadi Protest: छत्तीसगढ़ में आज से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन, काली साड़ी पहनकर मनाएंगी काला दिवस; जानें प्रमुख मांगें
Chhattisgarh Anganwadi Protest: छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय चरणबद्ध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ता अलग-अलग तरीकों से विरोध दर्ज कराते हुए सरकार का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करेंगी। आंदोलन के आखिरी दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा।

तीन दिन अलग-अलग तरीके से होगा प्रदर्शन
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का यह आंदोलन तीन दिनों तक चलेगा। इसके लिए हर दिन विरोध का अलग तरीका तय किया गया है।
- 17 नवंबर: नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
- 18 नवंबर: थाली और चम्मच बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
- 19 नवंबर: काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर काला दिवस मनाया जाएगा।
नियमितीकरण और 30 हजार रुपये मानदेय की मांग
आंदोलन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण और शासकीय कर्मचारी का दर्जा देना शामिल है। इसके अलावा वे मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग कर रही हैं। कार्यकर्ताओं की अन्य मांगें भी हैं, जिनमें 5G मोबाइल फोन की सुविधा, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करना और पदोन्नति देना शामिल है।
यह भी पढ़ें: Kalinga University RTI Case: निजी यूनिवर्सिटी के दस्तावेज देने के आदेश पर हाईकोर्ट की रोक
मांगें पूरी नहीं हुईं तो दिसंबर में होगा महापड़ाव
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव आयोजित करने की तैयारी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगी। ऐसे में आने वाले दिनों में सरकार और आंदोलनकारी संगठनों के बीच बातचीत पर सबकी नजर रहेगी।
