CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार, मानसून की एंट्री के लिए बने अनुकूल हालात
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। वहीं, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां भी अनुकूल बनती जा रही हैं, जिससे जल्द ही प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की एंट्री हो सकती है।

तापमान में आई गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दुर्ग में सर्वाधिक 3 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जशपुरनगर में 2 सेंटीमीटर, केल्हारी (एमसीबी), मनोरा (जशपुर) और वाड्रफनगर (बलरामपुर) में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई।
सक्रिय हैं कई मौसमीय सिस्टम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पंजाब से बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना होते हुए दक्षिण आंध्र प्रदेश तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है।
इसके अलावा पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में वर्षा गतिविधियों में बढ़ोतरी हो रही है।
यह भी पढ़ें: Tips & Tricks: फ्रीजर में जमी बर्फ से परेशान हैं? ये घरेलू उपाय करेंगे आपकी समस्या का तुरंत समाधान
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
आगामी दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
