CG Weather Update: मानसून की दस्तक के बाद बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री की पुष्टि कर दी है। मानसून के लगातार आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और इसका असर जल्द ही छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

रायपुर और राजनांदगांव में 42 डिग्री तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं रायपुर और राजनांदगांव प्रदेश के सबसे गर्म शहर रहे, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है और तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
मानसून की गतिविधियां हुईं तेज
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में सक्रिय हो चुका है। अगले 24 घंटों में इसके और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ऊपरी हवा के चक्रीय परिसंचरण का प्रभाव भी मौसम पर देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 05 June 2026: इस राशि के जातकों को प्रेम-संबंधों में सतर्कता बरतने की है जरूरत, जानिए मेष से मीन तक का राशिफल
इन जिलों में बारिश और अंधड़ के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगेगा।
रायपुर में अभी जारी रहेगी गर्मी
राजधानी रायपुर के लोगों को फिलहाल गर्मी से पूरी राहत मिलने में थोड़ा समय लग सकता है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। हालांकि आसमान में बादल छाने, हल्की बारिश और आंधी आने की संभावना बनी हुई है, जिससे उमस और गर्मी में कुछ राहत मिल सकती है।
अगले कुछ दिनों में मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के अनुसार मानसून के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को लंबे समय से जारी गर्मी से राहत मिलेगी। विशेषज्ञों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
