The Scam- Leaked: NEET पेपर लीक विवाद के बीच आया ‘द स्कैम-लीक्ड’ का टीजर, भावुक और झकझोर देने वाली कहानी की झलक
The Scam- Leaked: देशभर में NEET पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। दिल्ली से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन अब कई राज्यों तक पहुंच चुका है। इसी बीच इस मुद्दे पर आधारित नई वेब सीरीज ‘The Scam- Leaked’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है।

यह वेब सीरीज लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज होगी। टीजर में परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।
‘एक पेपर, लाखों सपने और एक लीक’
ZEE5 ने टीजर जारी करते हुए कैप्शन लिखा है—
“एक पेपर। लाखों सपने। एक लीक। देश हैरान।”
यह लाइन साफ तौर पर बताती है कि सीरीज की कहानी देश के सबसे चर्चित परीक्षा घोटालों में से एक की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
यह भी पढ़ें: France Social Media Ban: 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन
टीजर में क्या दिखाया गया?
रिलीज हुए टीजर की शुरुआत परीक्षा प्रश्नपत्रों की प्रिंटिंग से होती है। इसके बाद गोदाम से प्रश्नपत्र बाहर निकलते दिखाई देते हैं और फिर अचानक पेपर लीक होने की पूरी साजिश की झलक दिखाई जाती है। इसके बाद टीवी चैनलों पर “NEET Paper Leak” की ब्रेकिंग न्यूज फ्लैश होती है, जिससे पूरे देश में हड़कंप मच जाता है। टीजर में परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों की उम्मीदें टूटती हुई दिखाई गई हैं। कई छात्रों के चेहरे पर निराशा और गुस्सा नजर आता है, जो इस पूरे विवाद के मानवीय पहलू को सामने लाता है।
दिल दहला देने वाला आखिरी सीन
टीजर का सबसे भावुक दृश्य अंत में देखने को मिलता है। एक छात्र के मोबाइल पर “पापा” का कॉल आता है, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होता। अगले ही पल छात्र को फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाया जाता है। यह दृश्य परीक्षा में गड़बड़ियों के कारण छात्रों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और उसके गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है।
NEET विवाद के बीच रिलीज हुआ टीजर
टीजर ऐसे समय में सामने आया है जब देशभर में NEET पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन जारी हैं। हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक छात्रों और विभिन्न संगठनों ने विरोध मार्च निकाला था। ऐसे माहौल में इस वेब सीरीज की घोषणा ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। हालांकि, मेकर्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि सीरीज किसी वास्तविक घटना पर आधारित है या काल्पनिक कहानी के जरिए परीक्षा व्यवस्था में मौजूद खामियों को दिखाया गया है।
कब रिलीज होगी ‘The Scam- Leaked’?
फिलहाल ZEE5 ने वेब सीरीज का टीजर जारी किया है। रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही ट्रेलर और रिलीज शेड्यूल भी सामने आएगा।
