CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज से बारिश की रफ्तार होगी धीमी, रायपुर में निकली धूप, मौसम विभाग का नया अपडेट
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। डीप डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई, लेकिन अब मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 31 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आएगी। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत कम दर्ज की गई है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
बड़े बचेली और रायपुर में सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान बड़े बचेली में सर्वाधिक 19 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं रायपुर शहर में 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा कोमाखान, गरियाबंद, बीजापुर, सुकमा, बागबाहरा, मैनपुर, पिथौरा, धमतरी, बसना, गुरूर, नगरी, कुरूद, बालोद और अन्य कई क्षेत्रों में 8 से 14 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह राजधानी में तेज धूप निकलने से लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास हुआ।
कमजोर पड़ रहा है डीप डिप्रेशन सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका अभी भी सक्रिय है, जिससे प्रदेश में नमी बनी हुई है। वहीं पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़, विदर्भ और दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश के ऊपर बना गहरा अवदाब (Deep Depression) अगले 12 से 24 घंटों में कमजोर होकर सामान्य अवदाब में बदल सकता है। इसके चलते आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है। हालांकि दक्षिण बस्तर और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
