Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: अटक गया मानसून, उमस और गर्मी से लोग बेहाल! बिलासपुर समेत 12 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। जून का आधा महीना बीतने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। राजधानी रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बाद उमस और अधिक बढ़ गई है।

CG Weather Today 17 June 2026

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

बिलासपुर में 42 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी इलाकों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को बस्तर क्षेत्र में लोकल वेदर सिस्टम के प्रभाव से सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करपावंड, जशपुरनगर, रामानुजनगर और दरभा में 2 से 3 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी हल्की बारिश हुई।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए रहने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिला। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर में कहीं-कहीं अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

12 जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इन जिलों में अलर्ट

  • बलौदा बाजार
  • जांजगीर-चांपा
  • रायगढ़
  • बिलासपुर
  • कोरबा
  • गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
  • बेमेतरा
  • कबीरधाम
  • मुंगेली
  • सरगुजा
  • सूरजपुर
  • कोरिया

अगले दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कई स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

मानसून की एंट्री में हो रही देरी के कारण फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। हालांकि छिटपुट बारिश से कुछ क्षेत्रों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *