Featuredछत्तीसगढ़

Bilaspur Violence: सोशल मीडिया कमेंट से भड़का विवाद, आधी रात दो पक्षों में हिंसक झड़प; TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Bilaspur Violence: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए एक विवादित कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। खपरगंज इलाके में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें तारबाहर थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।

Bilaspur Violence 29 August 2026

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का बताया जा रहा है। विवाद बढ़ने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

सोशल मीडिया कमेंट के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक कमेंट को लेकर दो पक्षों के युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसके बाद मारपीट और गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और ईंट-पत्थर चलने लगे। पथराव में दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ युवकों के साथ चाकूबाजी की घटना की भी सूचना है।

TI के सिर में लगी चोट, कई पुलिसकर्मी घायल

हिंसक स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इस दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी के सिर में चोट आने की जानकारी है। कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने उपद्रव कर रहे युवकों को मौके से खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

कलेक्टर और SSP ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह समेत आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक सुशांत शुक्ला और स्थानीय नागरिक भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस की ओर से युवकों को समझाइश देकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया गया।

इलाके में पुलिस बल तैनात

पथराव और नारेबाजी के बाद देर रात तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। कोतवाली थाने में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और विवाद की वजह तथा घटना में शामिल लोगों को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *