CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून पकड़ेगा रफ्तार, नया सिस्टम कराएगा झमाझम बारिश
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में सावन खत्म होने के बाद भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ सकती है। मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 29 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश?
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कुसमी में सबसे ज्यादा 7 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामानुजगंज और भैसमा में 6-6 सेमी, जबकि कुनकुरी, वाड्रफनगर, कोरबा और करतला में 5-5 सेमी बारिश हुई। बलरामपुर, राजपुर, कांसाबेल, प्रतापपुर और पोड़ी में 4-4 सेमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन जिलों में बारिश के आसार
शनिवार को कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 29 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल तथा उत्तर ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
