Featuredछत्तीसगढ़

Analog Paneer: भोपाल से रायपुर भेजा जा रहा 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई; एनालॉग पनीर होने की आशंका

Analog Paneer: मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा करीब 1500 किलो संदिग्ध पनीर खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने जब्त किया है। भोपाल से रायपुर जा रही एक पिकअप वाहन की जांच के दौरान 30 कार्टून पनीर बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसके एनालॉग पनीर होने की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता और शुद्धता की पुष्टि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Analog Paneer

पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई के बाद इस मामले ने अंतरराज्यीय खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

साल्हेवारा चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान पकड़ी गई खेप

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने स्थापित चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप (MP 04 WC 8384) को संदेह के आधार पर रोका गया। वाहन चालक शिशुपाल ने पूछताछ में बताया कि वह भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से पनीर लेकर रायपुर जा रहा है। संदेह होने पर पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर विस्तृत जांच कराई।

वाहन से 1500 किलो पनीर बरामद

तलाशी के दौरान वाहन से 50-50 किलो वजन के 30 कार्टून बरामद हुए। इस प्रकार कुल 1500 किलो पनीर जब्त किया गया। चालक ने बताया कि यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान तक पहुंचाई जानी थी। हालांकि, जांच के दौरान वह पनीर की गुणवत्ता और शुद्धता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

खाद्य विभाग ने जताई एनालॉग पनीर होने की आशंका

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पनीर से संबंधित आवश्यक गुणवत्ता प्रमाणपत्र और दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। विभाग ने विधिक प्रक्रिया के तहत पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लैब रिपोर्ट के बाद होगी स्पष्ट कार्रवाई

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जब्त किया गया पनीर मानक गुणवत्ता का था या एनालॉग पनीर। इसकी पुष्टि केवल प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

1500 किलो पनीर की इतनी बड़ी खेप बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के परिवहन किए जाने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह भी जांच का विषय है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री किन परिस्थितियों में एक राज्य से दूसरे राज्य भेजी जा रही थी और क्या सभी वैधानिक मानकों का पालन किया गया था। अब पूरे मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रयोगशाला रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *