14th Asian Netball Championship 2026: छत्तीसगढ़ की बेटी सोनम शर्मा भारतीय नेटबॉल टीम में शामिल, हांगकांग में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व
14th Asian Netball Championship 2026: छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि भिलाई की प्रतिभाशाली नेटबॉल खिलाड़ी सोनम शर्मा का चयन 14वीं एशियन नेटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय महिला नेटबॉल टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 8 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित होगी, जहां सोनम भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के बाद मिली टीम में जगह
भारतीय नेटबॉल टीम के चयन से पहले करीब एक महीने तक राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। शानदार प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम की घोषणा की गई, जिसमें सोनम शर्मा ने अपनी जगह पक्की की। उनके चयन से पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उत्तरी जिलों में भारी बारिश के आसार
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले भी कर चुकी हैं भारत का प्रतिनिधित्व
सोनम शर्मा इससे पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने:
- एशियाई सीनियर नेटबॉल चैंपियनशिप
- एशियाई जूनियर नेटबॉल चैंपियनशिप
में भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया है। लगातार बेहतर खेल और समर्पण के दम पर उन्होंने भारतीय नेटबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई है।
खेल संघ ने दी बधाई
सोनम शर्मा की इस उपलब्धि पर नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। संघ की अध्यक्ष मीना केरकेट्टा, महासचिव राजेश राठौर, उपाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष योगेश साहू सहित कई पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि सोनम शर्मा की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि से छत्तीसगढ़ में नेटबॉल के प्रति रुचि बढ़ेगी और अधिक युवा इस खेल में करियर बनाने के लिए आगे आएंगे।
नेटबॉल की मजबूत नर्सरी तैयार करने की योजना
नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के महासचिव राजेश राठौर ने कहा कि आने वाले समय में जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के कई जिलों में नेटबॉल की मजबूत नर्सरी विकसित की जाएगी। इस अभियान में सोनम शर्मा जैसी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ युवा खिलाड़ियों को मिलेगा।
हांगकांग में भारत की चुनौती
8 से 15 अगस्त 2026 तक हांगकांग में आयोजित होने वाली 14th Asian Netball Championship में भारत मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद के साथ उतरेगा। भारतीय टीम की ओर से सोनम शर्मा का चयन छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
