How to Make Urad Dal Pakora: बारिश में बनाएं कुरकुरे उड़द दाल के पकौड़े, जानें होटल जैसा क्रिस्पी बनाने का आसान तरीका
How to Make Urad Dal Pakora: बारिश का मौसम हो और हाथ में गरमा-गरम चाय हो, तो पकौड़ों का स्वाद दोगुना हो जाता है। अगर आप हर बार बेसन के पकौड़े बनाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार उड़द दाल के पकौड़े जरूर ट्राई करें। ये पकौड़े बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से मुलायम बनते हैं। सही तरीके से तैयार किए जाएं तो इनका स्वाद हर किसी को पसंद आएगा।

आवश्यक सामग्री
- 1 कप धुली उड़द दाल (3–4 घंटे भीगी हुई)
- 2 बड़े चम्मच चावल का आटा
- 2–3 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक
- 1 छोटा चम्मच कुटा साबुत धनिया
- ½ छोटा चम्मच कुटी काली मिर्च
- एक चुटकी हींग
- ½ छोटा चम्मच अजवाइन
- बारीक कटा हरा धनिया
- स्वादानुसार नमक
- तलने के लिए तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले भीगी हुई उड़द दाल का पानी निकालकर बिना पानी या बहुत कम पानी के साथ दरदरा पीस लें। अब दाल के बैटर को एक बड़े बर्तन में निकालकर 8–10 मिनट तक एक ही दिशा में अच्छी तरह फेंटें। जब बैटर हल्का और फूला हुआ दिखाई देने लगे, तब इसमें चावल का आटा, अदरक, हरी मिर्च, काली मिर्च, हींग, अजवाइन, धनिया और नमक मिलाएं। कड़ाही में तेल गर्म करें और हाथ हल्का गीला करके छोटे-छोटे पकौड़े तेल में डालें। मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार पकौड़ों पर चाट मसाला छिड़कें और गरमा-गरम अदरक वाली चाय व हरी चटनी के साथ सर्व करें।
क्रिस्पी पकौड़े बनाने की सीक्रेट ट्रिक
बैटर को अच्छी तरह फेंटना सबसे जरूरी स्टेप है। इससे उसमें हवा भरती है और पकौड़े बाहर से कुरकुरे तथा अंदर से नरम बनते हैं। साथ ही चावल का आटा मिलाने से अतिरिक्त क्रंच मिलता है।
