FIFA World Cup 2026: विनीसियस जूनियर के दम पर ब्राजील की धमाकेदार वापसी, हैती को 3-0 से रौंदा
FIFA World Cup 2026: पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शानदार वापसी करते हुए हैती को 3-0 से करारी शिकस्त दी। पिछले मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ 1-1 की बराबरी के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही ब्राजील की टीम ने इस मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया।

फिलाडेल्फिया स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक गोल दागने के साथ-साथ दो गोल बनने में अहम भूमिका निभाई। रियल मैड्रिड के इस स्टार विंगर ने अपनी गति, कौशल और आक्रामक खेल से हैती के डिफेंस को पूरी तरह परेशान कर दिया।मैच के 23वें मिनट में विनीसियस जूनियर के खतरनाक शॉट को हैती के गोलकीपर पूरी तरह रोक नहीं पाए, जिसका फायदा उठाकर मैथियस कुन्हा ने पहला गोल कर ब्राजील को बढ़त दिलाई। इसके बाद 36वें मिनट में विनीसियस के शानदार पास पर कुन्हा ने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।पहले हाफ के इंजरी टाइम में विनीसियस जूनियर ने शानदार रन के बाद गोलकीपर को छकाते हुए तीसरा गोल किया और ब्राजील की जीत लगभग तय कर दी। दूसरे हाफ में भी उन्होंने कई बेहतरीन मौके बनाए, हालांकि गैब्रियल मार्टिनेली का एक शॉट पोस्ट से टकराने के कारण उनका एक और असिस्ट दर्ज नहीं हो सका।मोरक्को के खिलाफ निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी की टीम पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन हैती के खिलाफ इस शानदार जीत ने टीम की ताकत और संतुलन को फिर से साबित कर दिया।इस जीत के साथ ब्राजील ने ग्रुप-सी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। ब्राजील और मोरक्को दोनों के चार-चार अंक हैं, जबकि स्कॉटलैंड तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर हैती लगातार दूसरी हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। अब ब्राजील की नजर अगले मुकाबले में जीत हासिल कर नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने पर होगी।
