Sukma NDPS Action: नशे के नेटवर्क पर सुकमा पुलिस का बड़ा एक्शन, सप्लायर से लेकर संपत्ति तक होगी जांच, SP मयंक गुर्जर के सख्त निर्देश
Sukma NDPS Action: नक्सलवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई के बाद अब सुकमा पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए नई रणनीति तैयार की है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित विशेष समीक्षा बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को NDPS मामलों की एंड-टू-एंड जांच के निर्देश दिए गए।

छोटे पैडलर नहीं, अब मुख्य सप्लायर तक पहुंचेगी पुलिस
एसपी मयंक गुर्जर ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल नशे के साथ पकड़े गए छोटे पैडलरों तक सीमित नहीं रहेगी। पुलिस अब यह पता लगाएगी कि मादक पदार्थ कहां से आया, किसने भेजा, किन रास्तों और वाहनों से इसकी तस्करी हुई तथा इसके पीछे कौन लोग और कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। उद्देश्य पूरे सिंडिकेट और मुख्य सप्लायर तक पहुंचकर कार्रवाई करना है।
लंबित NDPS मामलों की होगी गहन समीक्षा
बैठक में जिले के लंबित एनडीपीएस मामलों की विवेचना, जब्ती, तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन तथा चालान पेश करने की प्रगति की समीक्षा की गई। एसपी ने जांच अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें। साथ ही 60 और 180 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर चालान पेश करने पर जोर दिया गया।
बैंक खाते और संपत्ति भी जांच के दायरे में
नशे के कारोबार की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए पुलिस अब आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों की भी जांच करेगी। एसपी ने निर्देश दिए कि तस्करों की चल-अचल संपत्ति, बैंक खाते और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाई जाए। फाइनेंशियल ट्रेल के आधार पर अवैध कमाई का पता लगाकर नियमानुसार संपत्ति फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
आदतन तस्करों पर PIT-NDPS एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
बार-बार मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत निरुद्ध करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस ने ऐसे आदतन तस्करों की सूची अपडेट करने और आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।
अंतरराज्यीय सीमाओं पर बढ़ेगी निगरानी
सुकमा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अंतरराज्यीय सीमाओं और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी और सख्त की जाएगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित नाकाबंदी, सघन वाहन जांच अभियान तथा मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान
पुलिस केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनजागरूकता पर भी विशेष जोर देगी। स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश
बैठक के अंत में एसपी मयंक गुर्जर ने सभी अधिकारियों और थाना प्रभारियों को जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल मामला दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक प्रकरण को तार्किक और कानूनी निष्कर्ष तक पहुंचाना पुलिस की जिम्मेदारी है।
