Sunny Deol की फिल्म ‘सूर्या’ विवादों में, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने भेजा 950 करोड़ का मानहानि नोटिस
Surya Film Controversy: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट को लेकर डॉक्टरों के संगठन और छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने आपत्ति जताई है। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने अभिनेता और निर्माता सनी देओल को 950 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट ने फिल्म को सेंसर प्रमाणपत्र मिलने तक उसके प्रमोशनल कंटेंट और दृश्यों के ऑनलाइन प्रसारण पर रोक लगा दी है।

डॉक्टरों की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप
यह विवाद तब सामने आया, जब इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने फिल्म के खिलाफ राजस्थान हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में आरोप लगाया गया कि फिल्म के टीजर और विज्ञापनों में निजी अस्पतालों और डॉक्टरों को भ्रष्ट तथा अनैतिक रूप में दिखाया गया है। IMA का कहना है कि फिल्म में डॉक्टरों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों और हिंसक दृश्यों के इस्तेमाल से चिकित्सा समुदाय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है। संगठन ने इस तरह की सामग्री पर आपत्ति जताते हुए अदालत से हस्तक्षेप की मांग की थी।
सेंसर सर्टिफिकेट मिलने तक ऑनलाइन प्रसारण पर रोक
मामले की सुनवाई जस्टिस समीर जैन की एकलपीठ ने की। अदालत ने सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 की धारा 5(B) का हवाला देते हुए कहा कि CBFC से प्रमाणपत्र मिलने से पहले फिल्म को सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित नहीं किया जा सकता। अदालत ने इस मामले में केंद्र सरकार और फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 20 नवंबर को निर्धारित की गई है।
यह भी पढ़ें: Tata Nano जैसी छोटी इलेक्ट्रिक कार ला रही VinFast? VF 2 में मिलेगी 210 KM की रेंज
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने भेजा 950 करोड़ का नोटिस
राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी की ओर से भी फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट पर आपत्ति जताई गई थी। सोसायटी ने अभिनेता-निर्माता सनी देओल को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म के प्रमोशनल दृश्यों में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा और लिंचिंग जैसी घटनाओं को सामान्य रूप में दिखाने की कोशिश की गई है। सोसायटी का कहना है कि इससे समाज में गलत संदेश जा सकता है और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ सकता है।
सोसायटी ने निर्माताओं से सभी आपत्तिजनक दृश्यों और विज्ञापनों को तत्काल हटाने तथा सात दिनों के भीतर चिकित्सा समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर 950 करोड़ रुपये के मानहानि दावे के साथ आपराधिक मानहानि और जनहित याचिका (PIL) के तहत कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इससे पहले छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने इसी मामले में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC), केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) और फिल्म के निर्देशक व निर्माता को भी नोटिस भेजा था।
20 नवंबर को रिलीज होने वाली थी फिल्म
‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ पहले 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन सेंसर प्रमाणपत्र नहीं मिलने और कानूनी विवाद के बीच निर्माताओं ने फिलहाल फिल्म की रिलीज टालने का फैसला किया है। फिलहाल फिल्म को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है। अब सबकी नजर 20 नवंबर को राजस्थान हाईकोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई और निर्माताओं के जवाब पर है।
