Shiv Puran Katha: पंडित प्रदीप मिश्रा कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी! आयोजनकर्ता पर FIR दर्ज, पुलिस जांच शुरू
Shiv Puran Katha: सिहोर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर 21 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के ग्राम हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

8 से 14 मई तक कथा आयोजन का दावा
समिति के अनुसार आरोपी दिनेश साहू ने दावा किया था कि पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा 8 मई से 14 मई 2026 तक आयोजित कराई जाएगी। इसी भरोसे पर समिति ने कथा आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी थीं।
बताया गया कि समिति ने आरोपी को दो किश्तों में 5 लाख और 16 लाख रुपये नकद दिए थे। यह रकम उसकी किराना दुकान में सौंपी गई थी। कथा के पोस्टर, बैनर और निमंत्रण पत्र तक छपवा दिए गए थे।
रांची में पहले से तय था कार्यक्रम
बाद में समिति को जानकारी मिली कि जिन तारीखों में कथा आयोजन की बात कही गई थी, उन्हीं दिनों पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम रांची में पहले से निर्धारित है। इसके बाद समिति के सदस्य सच्चाई जानने के लिए कुबेरश्वर धाम पहुंचे, जहां कथित तौर पर उन्हें जानकारी दी गई कि अंबागढ़ चौकी में कथा आयोजन के लिए कोई राशि जमा नहीं की गई है।
रकम वापस मांगने पर नहीं मिला जवाब
समिति का आरोप है कि जब दिनेश साहू से पैसे वापस मांगे गए तो उसने लगातार आश्वासन दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की। इसके बाद समिति ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का मामला
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद आरोपी दिनेश साहू के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों या समितियों से भी रकम ली है या नहीं।
हर साल कथा आयोजन कराने का दावा
जानकारी के मुताबिक आरोपी दिनेश साहू अपने गांव में हर साल पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा आयोजित कराने का दावा करता रहा है। इसी कारण समिति ने उस पर भरोसा कर बड़ी रकम दे दी थी।
