Palak Paratha Recipe: पालक की कड़वाहट भूल जाएंगे बच्चे, इस आसान तरीके से बनाएं परफेक्ट पराठा
Palak Paratha: अगर बच्चे पालक की सब्जी खाने से बचते हैं तो उनके लिए पालक पराठा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। पालक, मसालों और गेहूं के आटे से तैयार यह पराठा स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होता है।

हरी पत्तेदार सब्जियां सेहत के लिए बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं, लेकिन कई बार बच्चे इन्हें खाने में आनाकानी करते हैं। खासकर पालक को देखकर बच्चे मुंह बनाने लगते हैं। ऐसे में आप पालक को एक नए और स्वादिष्ट तरीके से उनकी डाइट में शामिल कर सकते हैं।पालक पराठा न सिर्फ बच्चों के टिफिन के लिए अच्छा ऑप्शन है बल्कि नाश्ते या डिनर में भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है। इसमें मौजूद पालक शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करता है।
पालक पराठा बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- 1.5 कप ताजा पालक (बारीक कटा हुआ या प्यूरी)
- 1/2 चम्मच अजवाइन
- 1/2 चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 1/2 चम्मच चाट मसाला या अमचूर
- 2 हरी मिर्च और 1/2 इंच अदरक
- 1 बड़ा चम्मच बेसन
- 1 चम्मच तेल या घी
- स्वादानुसार नमक
- सेंकने के लिए घी या मक्खन
पालक पराठा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें। इसमें बेसन, बारीक कटा पालक, अजवाइन, जीरा पाउडर, चाट मसाला, अदरक, हरी मिर्च, घी और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।ध्यान रखें कि पालक में पहले से नमी होती है, इसलिए शुरुआत में पानी न डालें। सभी चीजें मिलाने के बाद जरूरत के हिसाब से थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें।अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं और सूखे आटे की मदद से गोल पराठे बेल लें।गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से हल्का सिकने के बाद घी या मक्खन लगाकर मध्यम आंच पर कुरकुरा और सुनहरा होने तक सेंक लें।
यह भी पढ़ें: Ragi Chips Recipe: घर पर बनाएं हेल्दी और क्रिस्पी रागी चिप्स, बाजार के स्नैक्स को देंगे टक्कर
बच्चों को पसंद आएगा स्वाद
तैयार पालक पराठे को दही, मक्खन या टोमैटो केचप के साथ गर्मागर्म परोस सकते हैं। पालक की हल्की मिठास और मसालों का स्वाद इसे बच्चों के लिए भी पसंदीदा बना सकता है।यह रेसिपी उन माता-पिता के लिए खास है जो बच्चों को स्वाद के साथ हेल्दी खाना खिलाना चाहते हैं।
