Vande Bharat: बस्तर में वंदे भारत ट्रेन की तैयारी! जगदलपुर में बनेगा कोचिंग-मेंटेनेंस डिपो, रेलवे ने शुरू की कवायद
Jagdalpur Vande Bharat: बस्तर की रेल कनेक्टिविटी को आधुनिक बनाने की दिशा में रेलवे ने बड़ी पहल शुरू कर दी है। आने वाले समय में बस्तर को वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिल सकती है। इसके लिए जगदलपुर में कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि डिपो का प्रस्ताव जल्द ही रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।

ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने जगदलपुर दौरे के दौरान इस योजना की जानकारी दी। साथ ही रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
जगदलपुर में बनेगा कोचिंग और मेंटेनेंस डिपो
रेलवे की प्रस्तावित योजना के तहत जगदलपुर में कोचिंग एवं मेंटेनेंस डिपो विकसित किया जाएगा। डिपो बनने के बाद भविष्य में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के संचालन और रखरखाव की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। हालांकि, रेलवे ने अभी वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर कोई अंतिम मंजूरी या आधिकारिक घोषणा नहीं की है। फिलहाल डिपो निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: CG News: शराब प्रेमियों के लिए राहत, विदेशी शराब हुई सस्ती
रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण
बस्तर क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में भी काम जारी है। बड़े आरापुर रेलवे स्टेशन के नए भवन का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि जगदलपुर रेलवे स्टेशन पर स्थापित लिफ्ट को भी जल्द यात्रियों के लिए शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित नए स्टेशन भवनों के लोकार्पण की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
डीआरएम ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
ओडिशा रेल मंडल के डीआरएम अमिताभ सिंघल ने दंतेवाड़ा, तोकापाल और बड़े आरापुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और यात्रियों के लिए सुविधाएं जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। रेलवे का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बस्तर क्षेत्र की रेल सेवाएं अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेंगी।
