Motichoor Laddoo Recipe: बप्पा के भोग के लिए घर पर बनाएं हलवाई जैसे दानेदार मोतीचूर लड्डू
Motichoor Laddoo Recipe: गणेशोत्सव या किसी भी शुभ अवसर पर भगवान गणेश को मोतीचूर लड्डू का भोग लगाने की परंपरा है। देसी घी, चाशनी और बारीक दानों से बने मोतीचूर लड्डू हर किसी को पसंद आते हैं।

अक्सर लोग मानते हैं कि हलवाई जैसे परफेक्ट दानेदार मोतीचूर लड्डू बनाना मुश्किल है और इसके लिए खास सामान की जरूरत होती है। लेकिन ऐसा नहीं है। घर में रखे बेसन से भी आप आसानी से स्वादिष्ट और मुलायम मोतीचूर लड्डू तैयार कर सकते हैं।
घर पर मोतीचूर लड्डू बनाने के लिए सामग्री
- बेसन – 1 कप
- पानी – 3/4 कप (घोल बनाने के लिए)
- चीनी – 1 कप
- पानी – 1/2 कप (चाशनी के लिए)
- इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- फूड कलर – 1 चुटकी
- मगज के बीज – 1 बड़ा चम्मच
- देसी घी या तेल – तलने के लिए
- नींबू का रस – 1/2 छोटा चम्मच
मोतीचूर लड्डू बनाने की आसान विधि
1. बेसन का घोल तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में बेसन लें और इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर चिकना और पतला घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल में कोई गांठ न रहे।
2. बूंदी तैयार करें
कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। एक छेद वाली कड़छी की मदद से बेसन के घोल की छोटी-छोटी बूंदें तेल में डालें। इन्हें ज्यादा देर तक न तलें, सिर्फ हल्का पकाएं ताकि बूंदी नरम रहे।
3. चाशनी बनाएं
एक पैन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें। इसमें फूड कलर, इलायची पाउडर और नींबू का रस मिलाएं। हल्की चिपचिपी चाशनी तैयार करें।
4. मोतीचूर जैसा टेक्सचर बनाएं
अगर बूंदी थोड़ी बड़ी बन गई है तो इसे मिक्सी में 1-2 सेकंड चलाएं। इससे छोटे-छोटे दाने बन जाएंगे और हलवाई जैसा मोतीचूर टेक्सचर मिलेगा।
5. लड्डू तैयार करें
बूंदी को गर्म चाशनी में डालकर कुछ मिनट पकाएं ताकि वह चाशनी अच्छी तरह सोख ले। फिर इसमें मगज के बीज मिलाएं और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।हाथों में थोड़ा घी लगाकर गोल-गोल लड्डू बांध लें। इस तरह घर पर स्वादिष्ट और दानेदार मोतीचूर लड्डू तैयार हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Radha Ashtami 2026: 18 सितंबर से शुरू होगी अष्टमी, 19 सितंबर को क्यों रखा जाएगा व्रत? जानें वजह
बप्पा के भोग के लिए खास मिठाई
गणेश चतुर्थी पर घर में बने मोतीचूर लड्डू का अलग ही महत्व माना जाता है। शुद्ध सामग्री से तैयार यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ पूजा के लिए भी खास बन जाती है।
