Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग न्यायधानी नाइट्स ने राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराया, महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस की शानदार जीत
Chhattisgarh Hockey League 2026: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) के उद्घाटन मुकाबले में दर्शकों को रोमांच से भरपूर मैच देखने को मिला। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की टीम न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर विजयी शुरुआत की।

न्यायधानी नाइट्स की ओर से चिराग और केतन कुशवाहा ने एक-एक गोल दागा, जबकि राजधानी रॉयल्स के लिए रौशन ने एकमात्र गोल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए केतन कुशवाहा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
पहले हाफ में न्यायधानी नाइट्स ने बनाई मजबूत बढ़त
मैच की शुरुआत से ही न्यायधानी नाइट्स ने आक्रामक खेल दिखाया। 12वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को चिराग ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार फील्ड गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद भी न्यायधानी नाइट्स को बढ़त बढ़ाने के मौके मिले, लेकिन टीम अतिरिक्त गोल नहीं कर सकी।
दूसरी ओर, कप्तान ललित उपाध्याय ने राजधानी रॉयल्स की वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम अपने मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा सकी।
सुरेंद्र सिंह की शानदार डिफेंस ने रोके विपक्ष के हमले
न्यायधानी नाइट्स के कप्तान और ओलंपियन सुरेंद्र सिंह ने रक्षापंक्ति में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने विपक्षी खिलाड़ियों को डी-क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
दूसरे क्वार्टर के अंतिम क्षणों में बचाव करते समय सुरेंद्र सिंह के चेहरे पर चोट भी लगी, लेकिन उन्होंने टीम की रक्षा मजबूत बनाए रखी।
यह भी पढ़ें: CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम, रात के
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गंवाए कई मौके
तीसरे और चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों को कई गोल करने के अवसर मिले, लेकिन फिनिशिंग में कमी के कारण स्कोर में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ।
मैच के अंतिम क्वार्टर में राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन न्यायधानी नाइट्स की मजबूत डिफेंस के सामने उनकी रणनीति सफल नहीं हो सकी।
मुकाबले के दौरान राजधानी रॉयल्स के प्रेमचंद सोय और न्यायधानी नाइट्स के चिराग की जोरदार टक्कर के कारण कुछ देर खेल भी रोकना पड़ा। अंततः न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
महिला प्रदर्शनी मैच में इंद्रावती टाइग्रेस का दबदबा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के तहत खेले गए महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया।
टीम की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया।
महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।
पूरे मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने लगभग 60% समय तक गेंद पर कब्जा बनाए रखा और शानदार आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
आज खेले जाएंगे दो रोमांचक मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे।
- शाम 5:30 बजे: मैनपाट टाइटंस vs बैलाडीला बुल्स
- शाम 7:30 बजे: चक्रधर चैंपियंस vs संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
दोनों मुकाबले रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग क्या है?
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग है, जिसका आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जा रहा है।
इस लीग का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर में किया जा रहा है। इसमें प्रदेश की छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं—
- राजधानी रॉयल्स
- न्यायधानी नाइट्स
- बैलाडीला बुल्स
- संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
- चक्रधर चैंपियंस
- मैनपाट टाइटंस
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ से और 4 राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अन्य राज्यों से हैं।
इस लीग का उद्देश्य प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देना, युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच देना और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय हॉकी मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना है।
