Chhattisgarh Education News: शराब पीकर स्कूल पहुंचने, नेटवर्क मार्केटिंग और अनुशासनहीनता पर तीन शिक्षक निलंबित
Chhattisgarh Education News: छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अलग-अलग मामलों में तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है, जबकि एक प्रधान पाठक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिला शिक्षा विभाग ने की।

शराब पीकर स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक निलंबित
बरमकेला विकासखंड के प्राथमिक शाला राजपुर के प्रधान पाठक सरोज कुमार भोय पर विद्यालय में शराब के नशे में पहुंचने, शिक्षण कार्य प्रभावित करने और छात्रों के बीच भय का माहौल बनाने के आरोप साबित हुए। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: Commonwealth Games 2026: नीरज चोपड़ा ने अरशद नदीम को पछाड़ फाइनल में बनाई जगह
अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार पर कार्रवाई
बिलाईगढ़ विकासखंड के प्राथमिक शाला चकरदा के प्रधान पाठक राजेश कुमार गौतम पर सहकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने और लगातार अनुशासनहीनता के आरोप प्रमाणित होने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। वहीं बरमकेला के प्राथमिक शाला झाल की सहायक शिक्षिका यशवंती चौहान को शासकीय कार्य की उपेक्षा कर नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में शामिल रहने और शिक्षण कार्य प्रभावित करने के आरोप में निलंबित किया गया।
कॉपी में गाली लिखवाने का मामला भी चर्चा में
अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में एक शिक्षक द्वारा आठवीं कक्षा के छात्र को सजा के तौर पर कॉपी में 100 बार गाली लिखवाने का मामला भी सामने आया है। इस घटना की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
छात्राओं की शिकायत पर लैब टेक्नीशियन सस्पेंड
जशपुर के एक कन्या महाविद्यालय में छात्राओं की शिकायत के बाद लैब टेक्नीशियन अजय गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। छात्राओं ने उन पर अनुचित स्पर्श (Bad Touch) सहित गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की जांच जारी है।
शिक्षा विभाग का सख्त संदेश
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनुचित आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
