Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे दिन ही रायपुर पहुंचा, 27 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने तेजी से रफ्तार पकड़ ली है। 22 जून को दंतेवाड़ा के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 फीसदी हिस्से तक पहुंच गया है। मानसून की सक्रियता के चलते राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।

CG Weather Update 24 june2026


रायपुर में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना

मंगलवार शाम राजधानी रायपुर में हुई जोरदार बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी रायपुर में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। डौंडी और नांगर में सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा कांकेर, दरभा, नगरी, जगदलपुर, राजनांदगांव, बड़े राजपुर और मगरलोड सहित कई क्षेत्रों में 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। गरियाबंद, छुरा, भानुप्रतापपुर, फरसगांव और भाखरा सहित कई इलाकों में 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई।

27 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज अलर्ट वाले जिले

कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

यलो अलर्ट वाले जिले

रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, बलरामपुर, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर सहित 27 जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में जल्द पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के शेष हिस्सों में भी अगले कुछ घंटों में मानसून की दस्तक हो सकती है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेशभर में मानसून के और अधिक सक्रिय होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *