Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक करीब, कई जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। मंगलवार को कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। राजधानी रायपुर में देर रात हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन उमस ने परेशानी बढ़ा दी।

CG Weather Update

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शंकरगढ़, मंदिर हसौद और खरोरा में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मानसून की एंट्री के लिए बन रही अनुकूल परिस्थितियां

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पंजाब से लेकर बिहार तक हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए एक द्रोणिका बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ रही है, जिससे आगामी दिनों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार हो रही हैं।

रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?

राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। तापमान में गिरावट के साथ लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

11 जून से बढ़ सकती है बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। प्री-मानसून एक्टिविटी के चलते तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *