Featuredछत्तीसगढ़

CG Weather Today: कमजोर पड़ा तूफान अकवान, लेकिन छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी; इन 7 जिलों में भारी बारिश की आशंका

CG Weather Today: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ के सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

CG Weather Today


कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदला अकवान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ओडिशा तट पार करने के बाद लगातार कमजोर हुआ। 20 नवंबर की रात तक इसका अवशेष मध्य ओडिशा के ऊपर स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया था। इसके आगे उत्तर दिशा में बढ़ते हुए और कमजोर होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, तूफान के कमजोर होने के बावजूद इससे जुड़ी मौसम प्रणाली का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहा है। इसके प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 नवंबर को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तरी छत्तीसगढ़ के सात जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। इनमें बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 22 से 25 नवंबर के बीच भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन इलाकों में दर्ज की गई बारिश

प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, नया बाराद्वार में सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं, बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा सरायपाली, पिथौरा, सेवरीनारायण, कोमाखान, चंद्रपुर, बम्हनीडीह, महासमुंद, नवागढ़, गरियाबंद, गोबरा नवापारा, भोथिया, राजिम, हसौद और पलारी में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *