CG Weather Today: बस्तर और दुर्ग संभाग में मेहरबान रहे बादल, रायपुर में तेज धूप से बढ़ी गर्मी
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का मिजाज लगातार बदल रहा है। गहरे अवदाब (Deep Depression) के कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी देखने को मिल रही है। हालांकि शुक्रवार को बस्तर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।

वहीं राजधानी रायपुर में बारिश की कमी के कारण तेज धूप निकली, जिससे अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और शहर प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा।
बीजापुर में सबसे अधिक 11 सेमी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा बीजापुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा—
- भैरमगढ़ और औंधी – 8-8 सेमी
- सुकमा – 7 सेमी
- छोटेडोंगर – 6 सेमी
- बड़े बचेली, दोरनापाल और गीदम – 5-5 सेमी
- कुटरू, ओरछा, दरभा, मानपुर और भोपालपट्टनम – 4-4 सेमी
- गंगालूर, पखांजूर, डोंगरगढ़, डौंडी, फरसगांव, बास्तानार और अन्य क्षेत्रों में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम विदर्भ और दक्षिणी मध्यप्रदेश के ऊपर एक अवदाब बना हुआ है। वहीं मानसून द्रोणिका जैसलमेर से मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।
रायपुर का आज का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी रायपुर में शनिवार को—
- आसमान में बादल छाए रहने की संभावना
- हल्की से मध्यम बारिश के आसार
- गरज-चमक की संभावना
- अधिकतम तापमान 33°C
- न्यूनतम तापमान 25°C रहने का अनुमान है।
