Featuredछत्तीसगढ़

Bastar Handicraft: राष्ट्रपति भवन में चमकेगी बस्तर की शिल्पकला, कोंडागांव के 38 समेत छत्तीसगढ़ के 51 शिल्पकारों को राष्ट्रपति से मिलने का न्योता

Bastar Handicraft: छत्तीसगढ़ की पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी पहचान मिलने जा रही है। कोंडागांव जिले के ग्राम किकिरदापारा के शिल्पकारों द्वारा तैयार की गई पारंपरिक बेलमेटल और लौह शिल्पकला की उत्कृष्ट कृतियों ने राष्ट्रपति भवन तक अपनी छाप छोड़ी है। इसी उपलब्धि के तहत कोंडागांव के 38 हस्तशिल्पियों सहित छत्तीसगढ़ के कुल 51 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है।

राष्ट्रपति भवन में चमकेगी बस्तर की शिल्पकला


16 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में होगा सम्मान

राष्ट्रपति भवन में यह विशेष कार्यक्रम 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा। इस दौरान शिल्पकार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और अपनी पारंपरिक कला, कारीगरी तथा पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के बारे में जानकारी साझा करेंगे। इस सम्मानजनक आमंत्रण से कोंडागांव के शिल्पकारों और पूरे जिले में उत्साह का माहौल है।

दिल्ली प्रवास की विशेष व्यवस्था

राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से शिल्पकारों के भोजन, आवास और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, इस विशेष आयोजन की तैयारियों में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (NID), अहमदाबाद भी सहयोग कर रहा है।

शिल्पकारों ने जताई खुशी

शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति महोदया से मिलने का अवसर मिलना पूरे कोंडागांव और बस्तर क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वहीं, सागर विश्वकर्मा ने कहा कि उनकी कलाकृति का चयन होना और राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिलना उनके जीवन का बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। यह उनकी पारंपरिक कला और कारीगरी को मिला बड़ा सम्मान है। शिल्पकार राजमनी ने कहा कि पहली बार राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिल रहा है और यह उनके जीवन का सबसे यादगार अनुभव होगा।

देश-विदेश में पहचान बना चुकी है कोंडागांव की शिल्पकला

कोंडागांव की बेलमेटल (ढोकरा) और लौह शिल्पकला बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक जीवनशैली की पहचान मानी जाती है। यहां के शिल्पकार धातु को अनूठे अंदाज में ढालकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और आदिवासी जीवन से जुड़ी आकर्षक कलाकृतियां तैयार करते हैं। अपनी उत्कृष्ट कारीगरी के दम पर यहां के कलाकार देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुके हैं।

बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

राष्ट्रपति भवन में आयोजित यह विशेष मुलाकात केवल 38 शिल्पकारों का सम्मान नहीं, बल्कि बस्तर की सदियों पुरानी शिल्प परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कारीगरों के हुनर का राष्ट्रीय सम्मान है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला को देश के सर्वोच्च संवैधानिक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *