Chhath Puja Special: छठ के खरना प्रसाद की रसिया खीर बनाने का आसान तरीका गुड़ और चावल से ऐसे बढ़ाएं स्वाद
Chhath Puja 2026: छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन व्रती शाम के समय भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना के प्रसाद में गुड़ और चावल से बनी रसिया खीर का खास महत्व माना जाता है।

यह पारंपरिक खीर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सरल सामग्री से तैयार हो जाती है। अगर आप भी इस बार छठ पूजा के लिए घर पर स्वादिष्ट और शुद्ध रसिया खीर बनाना चाहते हैं, तो यहां जानें इसकी आसान विधि।
रसिया खीर बनाने के लिए सामग्री
- दूध – 1 लीटर (फुल क्रीम)
- चावल – 50 से 80 ग्राम (धुले हुए और 15-20 मिनट भिगोए हुए)
- गुड़ – 100 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ)
- इलायची पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- काजू, बादाम, किशमिश और सूखा नारियल – जरूरत अनुसार
रसिया खीर बनाने की विधि
1. चावल को पकाएं
सबसे पहले भारी तले वाले बर्तन में दूध और थोड़ा पानी डालकर उबाल लें। दूध उबलने के बाद इसमें भीगे हुए चावल डालें। धीमी आंच पर चावल को नरम होने तक पकाएं। जब खीर गाढ़ी और मलाईदार हो जाए तो गैस धीमी कर दें।
2. गुड़ का घोल तैयार करें
एक अलग बर्तन में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर गर्म करें। गुड़ पूरी तरह पिघलने के बाद इसे छान लें और ठंडा होने दें।
3. खीर में गुड़ मिलाएं
ध्यान रखें कि गर्म या उबलती हुई खीर में सीधे गुड़ न डालें, इससे दूध फट सकता है। खीर को थोड़ा ठंडा होने दें, फिर इसमें गुड़ का घोल मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं।
4. ड्राई फ्रूट्स से करें गार्निश
अब इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए काजू, बादाम, किशमिश व नारियल मिलाएं। आपकी स्वादिष्ट और सुगंधित रसिया खीर तैयार है।
यह भी पढ़ें: Devuthani Ekadashi 2026: कब जागेंगे भगवान विष्णु? जानें देवउठनी एकादशी की तिथि, शुभ मुहूर्त और व्रत विधि
रसिया खीर बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
- गुड़ को हमेशा अलग से घोलकर ही खीर में मिलाएं।
- दूध वाली खीर में गर्म गुड़ डालने से बचें।
- धीमी आंच पर पकाने से स्वाद और टेक्सचर बेहतर आता है।
- प्रसाद के लिए साफ-सफाई और शुद्ध सामग्री का विशेष ध्यान रखें।
