Ayesha Khan को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया, सोशल मीडिया पर साझा की पूरी घटना; उर्फी जावेद भी आईं समर्थन में
Ayesha Khan: बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने शरारत से सुर्खियों में आईं अभिनेत्री आयशा खान (Ayesha Khan) ने दावा किया है कि उन्हें मुंबई पुलिस ने बिना किसी स्पष्ट कारण के हिरासत में ले लिया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी और वीडियो के जरिए बताया कि उन्हें सड़क से जबरदस्ती पुलिस वैन में बैठाकर पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक रखा गया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। इस घटना के बाद आयशा खान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर बहस छिड़ गई है।

सोशल मीडिया पर शेयर की आपबीती
रिहा होने के बाद आयशा खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि वह अब अपने भाई को छुड़ाने के लिए रफी अहमद किदवई पुलिस स्टेशन जा रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनके भाई को अलग-अलग जगहों पर रखा गया था। अभिनेत्री ने लिखा कि उन्होंने कोई प्रदर्शन नहीं किया था और वह केवल सड़क पर खड़ी थीं, इसके बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया।
“सड़क पर खड़ा होना कब से अपराध हो गया?”
आयशा खान ने एक वीडियो साझा करते हुए कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें बिना कारण बताए जबरन वैन में बैठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पूछने के बावजूद पुलिस ने यह नहीं बताया कि उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया जा रहा है।
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने कोई कानून नहीं तोड़ा था और केवल शांतिपूर्वक मौजूद थीं। उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों और नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े किए।
यह भी पढ़ें: Hair Comb At Night: सूर्यास्त के बाद कंघी करना क्यों माना जाता है अशुभ?
उर्फी जावेद ने किया समर्थन
इस पूरे मामले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेत्री उर्फी जावेद भी आयशा खान के समर्थन में सामने आईं। उर्फी ने कहा कि आयशा ने कोई अपराध नहीं किया था और वह सिर्फ वहां मौजूद थीं। उन्होंने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी को केवल सड़क पर खड़े रहने के कारण हिरासत में लेना उचित नहीं है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम आयशा खान मुंबई के दादर इलाके में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पहुंची थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। आयशा का दावा है कि उन्हें वर्ली पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे रखने के बाद रिहा कर दिया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।
बिग बॉस 17 से मिली पहचान
आयशा खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 2020 में जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर की थी। टीवी शो ‘बालवीर रिटर्न्स’ से उन्हें पहचान मिली। बाद में ‘बिग बॉस 17’ में एंट्री के बाद उनकी लोकप्रियता काफी बढ़ी। हाल ही में वह फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने शरारत में नजर आईं और जल्द ही फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में भी दिखाई देंगी।
