Featuredछत्तीसगढ़

World Children’s Day: 12वीं की छात्रा संतोषी बनी SP, स्कूलों के आसपास पान दुकानों पर जारी किए आदेश

World Children’s Day: विश्व बाल दिवस के अवसर पर जिले में एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब यूनिसेफ के बच्चों के सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत 12वीं की छात्रा संतोषी धीवर को 15 मिनट के लिए जांजगीर-चांपा की पुलिस अधीक्षक (SP) का कार्यभार सौंपा गया। इस विशेष अवसर पर संतोषी ने दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किए, जिन्हें पुलिस विभाग ने भी गंभीरता से संज्ञान में लिया।

अस्थायी SP के रूप में संतोषी का पहला आदेश स्कूल और कॉलेज परिसरों के आसपास स्थित पान दुकानों की दूरी बढ़ाकर 200 मीटर करने का था। इस निर्देश का उद्देश्य छात्रों को तंबाकू और अन्य हानिकारक पदार्थों से दूर रखना और उनकी सुरक्षा को मजबूत करना है। दूसरा आदेश पुलिस लाइन में खड़े टू-व्हीलर वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को तेज करने के लिए वरिष्ठ कार्यालय को पत्र भेजने का था।

कार्यक्रम में DSP कविता ठाकुर और CSP योगिता बाली खापर्डे उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, यातायात नियमों और पुलिस विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी।

विश्व बाल दिवस हर वर्ष 20 नवंबर को मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, उनके कल्याण को बढ़ावा देना और समाज में उनके महत्व को रेखांकित करना है। जांजगीर-चांपा में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों को नेतृत्व, निर्णय क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ सशक्त बनाने का एक प्रेरक उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *