Featuredछत्तीसगढ़

CG Electricity Scheme: बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, हाफ बिजली बिल योजना लागू करने की तैयारी

CG Electricity Scheme: छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार अब 100 यूनिट की जगह 200 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना लागू करने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में ऊर्जा विभाग ने मुख्यमंत्री सचिवालय को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद जल्द ही योजना लागू की जा सकती है।


14 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को होगा सीधा फायदा

बिजली विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में करीब 45 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। इनमें से 31 लाख परिवारों की मासिक खपत 100 यूनिट से कम है, जबकि 14 लाख उपभोक्ताओं की खपत 200 यूनिट तक है। नई योजना लागू होने पर इन 14 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में 31 लाख जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के उपभोक्ता 100 यूनिट हाफ बिल योजना का फायदा उठा रहे हैं।

दिसंबर से लागू हो सकती है नई योजना

सूत्रों के अनुसार, दिसंबर 2025 से यह संशोधित योजना लागू हो सकती है। हालांकि, इससे राज्य सरकार पर सैकड़ों करोड़ रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी का बोझ बढ़ेगा। फिर भी सरकार आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही है।

कैसे मिलेगा हाफ बिजली बिल का फायदा?

वर्तमान योजना के तहत, जितनी यूनिट तक छूट तय की जाती है, उतनी यूनिट का बिजली बिल 50% कम हो जाता है। उदाहरण के लिए, अगर किसी उपभोक्ता का 200 यूनिट पर औसतन बिल ₹900 आता है, तो योजना लागू होने के बाद वही बिल ₹450 तक रह जाएगा।

पृष्ठभूमि: 400 से घटाकर 100 यूनिट करने पर हुआ था विरोध

गौरतलब है कि 1 अगस्त 2025 को प्रदेश सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना की सीमा 400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट कर दी थी। इसके बाद विपक्ष और उपभोक्ता संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया था। अब सरकार एक बार फिर जनहित में राहत देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *