Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: नवा रायपुर में बनेगी फूड एंड ड्रग एडवांस लैब, मिलावट पर लगेगी रोक
Chhattisgarh Rajya Utsav 2025: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अवसर पर प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। अब नवा रायपुर के सेक्टर-24 में 45 करोड़ रुपए की लागत से फूड एंड ड्रग विभाग की एडवांस टेस्ट लैब बनाई जाएगी। इस आधुनिक लैब के निर्माण से खाद्य पदार्थों और दवाओं में मिलावट की जांच अब प्रदेश के भीतर ही संभव होगी, जिससे जांच की प्रक्रिया और कार्रवाई दोनों ही तेज होंगी।

चार मंजिला अत्याधुनिक लैब का निर्माण
यह चार मंजिला एडवांस फूड एंड ड्रग टेस्ट लैब नई राजधानी में तैयार की जाएगी। इसका डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) लगभग तैयार हो चुका है और जल्द ही प्रशासकीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। यह लैब प्रदेश की पहली ऐसी सुविधा होगी जहां खाद्य सामग्री, एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाओं, साथ ही सौंदर्य प्रसाधन और साबुन आदि की जांच आधुनिक तकनीक से की जाएगी।
अब दूसरे राज्यों पर निर्भरता खत्म
अब तक प्रदेश में जब भी मिलावट के मामले सामने आते थे, तो सैंपल की जांच के लिए अन्य राज्यों की लैब में भेजना पड़ता था, जिससे रिपोर्ट आने में देरी होती थी और कड़ी कार्रवाई प्रभावित होती थी। नई लैब से यह निर्भरता खत्म हो जाएगी और सभी रिपोर्ट 14 दिनों के भीतर उपलब्ध कराई जा सकेगी।
दूध, फल-सब्जी और दवाओं की होगी जांच
नई एडवांस लैब में दूध, फल, सब्जी जैसी आम खाद्य वस्तुओं में मिलाए जा रहे रसायनों, हैवी मेटल्स और पेस्टीसाइड्स की जांच की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित हो सकेगी।
मिलावट पर सख्त निगरानी
इस लैब की स्थापना से छत्तीसगढ़ फूड सेफ्टी और ड्रग कंट्रोल के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की जा सके, ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर जल्द नकेल कसी जा सके।
