CSPTCL IPO: शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी, राज्य की पहली ट्रेडिंग सरकारी कंपनी बनने की ओर
CSPTCL IPO: छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। यदि यह योजना सफल होती है, तो CSPTCL शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर ट्रेड होने वाली छत्तीसगढ़ सरकार की पहली सरकारी कंपनी बन जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, कंपनी द्वारा आम निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए IPO लाने के प्रस्ताव पर उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है। इससे कंपनी को वित्तीय मजबूती मिलने के साथ-साथ निवेशकों को भी सरकारी कंपनी में निवेश का अवसर प्राप्त होगा।
आम निवेशकों को मिलेगा निवेश का मौका
IPO जारी होने के बाद CSPTCL के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे और निवेशक इनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत तय होगी और मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी वृद्धि हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लिस्टिंग से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। इसके साथ ही कंपनी के लाभ में वृद्धि होने पर शेयरधारकों को डिविडेंड का लाभ भी मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: CG Railway News: रायपुर-कोरबा के यात्रियों को बड़ी राहत, 1 अगस्त से..
पहले भी जुटाई जा चुकी है पूंजी
छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी पहले से स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध है, लेकिन उसके शेयरों में कारोबार नहीं होता। वहीं CSPTCL ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी। अब कंपनी IPO के जरिए पूंजी जुटाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उच्च स्तर पर चल रही चर्चा
CSPTCL के प्रबंध निदेशक (MD) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां पहले से IPO के माध्यम से आम जनता से निवेश प्राप्त कर रही हैं। केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के IPO को लेकर शासन स्तर पर चर्चा जारी है और इस विषय पर अंतिम निर्णय सरकार द्वारा लिया जाएगा।
राज्य की अर्थव्यवस्था को मिलेगा फायदा
यदि CSPTCL का IPO बाजार में आता है तो यह केवल कंपनी ही नहीं बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। इससे निवेश आकर्षित होगा, कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और ऊर्जा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
