CG Steel Plant Fire: रायपुर के मिवान स्टील प्लांट में भीषण आग, ब्लास्ट के बाद मची अफरा-तफरी, राहत-बचाव जारी
CG Steel Plant Fire: रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट में ब्लास्ट के बाद आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
राहत और बचाव कार्य जारी
स्थानीय प्रशासन के अनुसार आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड की टीम प्लांट के विभिन्न हिस्सों में फैल चुकी आग को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।
तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना प्राप्त होने के बाद प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: CSPTCL IPO: शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी..
आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर ब्लास्ट के बाद आग लगने की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं
अब तक किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति के घायल अथवा हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद प्लांट के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आग बुझने के बाद नुकसान का वास्तविक आंकलन सामने आ सकेगा।
